हथियार-औजार लेकर सेंधमारी की फिराक में थे, हरिया गैंग के 4 मेंबर पकड़े

नई दिल्ली। देश भर में सेंधमारी करने के लिए कुख्यात हरीश उर्फ हरिया गैंग के चार मेंबर राजधानी में वारदात करने के इरादे से घूम रहे थे। क्राइम ब्रांच ने राजस्थान के बांसवाड़ा निवासी आरोपी दिनेश सरपोटा (32), राकेश उर्फ दिनेश (22), प्रमेश उर्फ फंटू (28) और यशपाल (25) को गिरफ्तार कर लिया। इनसे चार कट्टे, कई कारतूस और ताले तोड़ने के औजार बरामद किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों पर पहले से मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी काले कपड़े और नकाब पहनकर वारदातें करते हैं।
डीसीपी (क्राइम) विचित्रवीर ने बताया कि एसआई युद्धवीर और एएसआई प्रीतम को सेंधमारी गैंग के दिल्ली में वारदात के लिए आने की खबर मिली थी। इंस्पेक्टर संदीप कुमार स्वामी की अगुआई में एसआई सुखविंदर सिंह और प्रदीप कुमार की टीम बनाई गई। भलस्वा डेरी इलाके में पुलिस ने गैंग के चार मेंबरों को हथियार और औजार समेत पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वो हरीश उर्फ हरिया गैंग के मेंबर हैं। राजस्थान, गुजरात, पंजाब, दिल्ली और यूपी में वारदातों को अंजाम देते हैं।
आरोपियों को हथियार और औजार भी हरिया ही मुहैया करवाता है। गैंग का सरगना हरिया पर 50 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं, जो मेंबरों को विभिन्न राज्यों का टारगेट एरिया बताता है। इसके बाद वो रेकी करते हैं और दुकान-शोरूम के ताले तोड़कर चोरी कर के फरार हो जाते हैं। आरोपी दुकान या शोरूम के भीतर माल की जानकारी हासिल करने के लिए ग्राहक के रूप में भी जाते हैं। सेंधमारी करने के बाद वो राजस्थान लौट जाते हैं, जिससे उन्हें पकड़ना मुश्किल हो जाता है। वो फोन का इस्तेमाल नहीं करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button