श्रीनगर में डल झील के किनारे मुगल गार्डन के पास ग्रेनेड हमला, नौ लोग हुए घायल

श्रीनगर,(एजेंसी)। जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में रविवार को आतंकी हमला हुआ है। शहर के निशात इलाके में रविवार को आतंकवादियों ने एक हथगोला फेंका। इस हमले में नौ लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डल झील के किनारे मुगल गार्डन के पास यह हमला हुआ। अधिकारियों ने कहा कि हमले में नौ लोग घायल हो गए। हमले की सूचना पर सुरक्षा बलों ने आसपास के इलाके में सर्च अभियान चलाया। अधिकारियों ने कहा कि सात घायलों को एसएचएमएस अस्पताल ले जाया गया और दो को एसकेआईएमएस अस्पताल में भर्ती किया गया है।
यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जबकि राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा के पास रविवार को थल सेना के जवानों ने एक पाकिस्तानी घुसपैठिये को गिरफ्तार किया।राजौरी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहम्मद असलम ने बताया कि नौशेरा सेक्टर के सहर मकरी क्षेत्र में नियंत्रण रेखा की पहरेदारी कर रहे सेना के जवानों को किसी घुसपैठिये की संदिग्ध गतिविधि नजर आयी और उन्होंने उसे ललकारा, तब वह भागने लगा। असलम ने कहा, ‘इस पर घुसपैठिये पर गोली चलाई गई, जिसमें वह घायल हो गया और उसे पकड़ा लिया गया। उसका स्थानीय सैन्य अस्पताल में उपचार कराया गया और अब उसे राजौरी में सेना के अस्पताल ले जाया गया है।’ उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच एवं घुसपैठिये से पूछताछ बाद में की जाएगी।




