पुलिस के पहरे में होंगे ट्विन टावर, विस्फोटक लगने शुरू

नोएडा ब्यूरो। नोएडा के सेक्टर-93ए स्थित ट्विन टावर में शनिवार सुबह 10 बजे विस्फोटक लगाने का सिलसिला शुरू हो गया। पहले दिन एडिफिस इंजीनियरिंग और जेट डिमोलिशन के विशेषज्ञों ने 32 मंजिला एपेक्स और 29 मंजिला सियान टावर के ऊपरी तीन मंजिलों पर विस्फोटक लगाए। विस्फोटक लगाने का काम ऊपरी तल से शुरू किया गया। बचा हुआ विस्फोटक पुलिस की सुरक्षा में पलवल वापस भेज दिया गया। विस्फोटक लगाने के बाद ही ट्विन टावर अब 24 घंटे पुलिस के पहरा शुरू हो गया है। विस्फोटक लगाने के साथ ही शनिवार से ट्विन टावर के सामने की सड़क बंद कर दी गई है। वहां आमलोगों के आने जाने पर रोक लगा दी गई है। ट्विन टावर के बाहर पुलिस के जवान मुस्तैदी से कमान संभाल लिया है। वहीं, एमराल्ड कोर्ट और एटीएस विलेज में भी पुलिस के तीन-तीन सिपाही तैनात कर दिए गए हैं।
इसके अलावा ट्विन टावर के आसपास पुलिस के पेट्रोलिंग वाहनों ने दिन-रात गश्त शुरू कर दी है। ट्विन टावर में रोजाना 250 किलो विस्फोटक लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। दोनों टावर में 27 अगस्त तक कुल 3700 किलो विस्फोटक लगाए जाएंगे। कोर्ट के आदेश पर अंतिम ब्लास्ट की तिथि 28 अगस्त को तय की गई है। हालांकि अगर कोई तकनीकी बाधा आती है तो एडिफिस के पास सात दिन और समय होगा।
सूर्योदय से सूर्यास्त तक लगेंगे विस्फोटक
एडिफिस और उसकी सहयोगी जेट डिमोलिशन के मुताबिक विशेषज्ञ सूर्योदय से सूर्यास्त तक रोजाना 14 दिनों तक विस्फोटक लगाएंगे। पुलिस को तड़के विस्फोटक लाने को कहा गया है। विस्फोटक आते ही काम शुरू हो जाएगा। पहले दिन पूजा-अर्चना की वजह से कुछ देर से काम शुरू किया गया। रविवार से जल्द काम शुरू करने की बात कही गई।




