दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी,सिद्धू मूसेवाला की हत्या को अंजाम देने वाले मुख्य शूटर समेत तीन गिरफ्तार

दिल्ली ब्यूरो। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पंजाब के सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए हरियाणा के गैंगस्टर समेत तीन आरोपियों को गुजरात के मुंद्रा इलाके से गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान गढ़ी सिसाना, सोनीपत निवासी प्रियव्रत उर्फ फौजी (26), गांव बेरी, झज्जर, हरियाणा निवासी कशिश उर्फ कुलदीप (24) और इनको आश्रय देने वाले अवा बस्ती बठिंडा, पंजाब निवासी केशव कुमार (29) के रूप में हुई है। गोल्डी बराड़ ने मूसेवाला की हत्या के लिए कई राज्यों के कुख्यात बदमाशों को हायर किया था। वारदात को अंजाम देने के लिए दो मॉड्यूल तैयार किए थे। इनमें कार सवार एक मॉड्यूल को प्रियव्रत लीड कर रहा था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही आठ हाई एक्सप्लोसिव हैंड ग्रेनेड, नौ डेटोनेटर, तीन पिस्टल, 36 कारतूस, एक असाल्ट रायफल व 20 कारतूस, एक ग्रेनेड लांचर और एके-47 से ग्रेनेड लांच करने वाला एक उपकरण बरामद किया है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी मकोका के तहत की गई है। पुलिस आरोपियों को 14 दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।




