खरगोन में ट्रैक्टर-बाइक की भिड़ंत में चचेरे भाई-बहन की मौत, घायलों को ट्रैक्टर से अस्पताल पहुंचाने पर हंगामा
खरगोन में सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। खरीदारी कर बाइक से घर लौट रहे 19 वर्षीय युवक और उसकी 20 वर्षीय चचेरी बहन की ट्रैक्टर से भिड़ंत में मौत हो गई।

खरगोन,मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में शुक्रवार शाम ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में 19 वर्षीय युवक और उसकी 20 वर्षीय चचेरी बहन की मौत हो गई। हादसा बलकवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसावद के समीप हुआ। दुर्घटना के बाद घायलों को एंबुलेंस के बजाय ट्रैक्टर से अस्पताल पहुंचाए जाने को लेकर शनिवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। दोनों के पोस्टमार्टम के दौरान अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम रस्सा निवासी राहुल (19) पिता सुनील अपनी चचेरी बहन ज्योति (20) पिता राधेश्याम के साथ शुक्रवार को बाइक से खरीदारी करने ठीकरी गए थे। शाम को दोनों घर लौट रहे थे। इसी दौरान भैंसावद के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में राहुल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल ज्योति ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। राहुल के पिता के अनुसार, दुर्घटना के दौरान ट्रैक्टर का पहिया उनके बेटे के सिर के ऊपर से गुजर गया था। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
शनिवार सुबह कसरावद के शासकीय अस्पताल में दोनों के पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने घायलों को ट्रैक्टर से अस्पताल पहुंचाने पर सवाल उठाए। उनका आरोप था कि गंभीर रूप से घायल दोनों युवाओं को एंबुलेंस या किसी अन्य उपयुक्त वाहन के बजाय दूसरे ट्रैक्टर में बैठाकर अस्पताल भेजा गया। परिजनों का कहना था कि ऐसे मामलों में तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था की जानी चाहिए थी।
बलकवाड़ा थाना प्रभारी सागर चौहान ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। उस समय परिस्थितियों को देखते हुए जो वाहन पहले उपलब्ध हुआ, उसी से दोनों घायलों को अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद फरार ट्रैक्टर चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।




