लाल किले के पास रद्द लाइसेंस पर चल रही थी पार्किंग, एमसीडी की पर्चियों से वसूली; आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के लाल किले के पास अवैध पार्किंग शुल्क वसूलने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी मोहम्मद नौशाद एमसीडी का लाइसेंस रद होने के बावजूद लोगों से पैसे वसूल रहा था।

दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में अवैध पार्किंग चलाने वाला आरोपी मोहम्मद नौशाद

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में लाल किले के आसपास आने वाले पर्यटकों और वाहन चालकों से अवैध रूप से पार्किंग शुल्क वसूले जाने का मामला सामने आया है। उत्तरी जिले की कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि लाइसेंस रद्द होने के बावजूद वह दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के नाम वाली पार्किंग पर्चियां देकर लोगों से पैसे वसूल रहा था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शास्त्री पार्क निवासी मोहम्मद नौशाद के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के सहरसा का रहने वाला है। पुलिस ने उसके कब्जे से एमसीडी के नाम वाली 100 पार्किंग पर्चियों की एक बुकलेट और 1,300 रुपये नकद बरामद किए हैं। बुकलेट में 18 पर्चियों का इस्तेमाल किया जा चुका था, जबकि 82 पर्चियां खाली थीं।

पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर को लाल किला पुलिस चौकी को सूचना मिली थी कि अपर सुभाष मार्ग पर मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-दो के पास एक व्यक्ति एमसीडी के नाम पर पार्किंग शुल्क वसूल रहा है। सूचना के आधार पर कोतवाली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुमन कुमार की देखरेख में एसआई योगेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। सुबह करीब 10:40 बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक व्यक्ति वाहन चालकों को वहां गाड़ियां खड़ी करने के लिए बुलाता मिला। पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। पार्किंग संचालन से संबंधित लाइसेंस और आवंटन के दस्तावेज मांगने पर वह कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका।

जांच में सामने आया कि नौशाद को 17 दिसंबर 2024 से तीन साल के लिए एमसीडी की ओर से पार्किंग संचालन का लाइसेंस दिया गया था। हालांकि, बकाया राशि का भुगतान नहीं करने के कारण निगम ने अगस्त 2026 में उसका लाइसेंस रद्द कर दिया था। इसके बावजूद वह पुराने लाइसेंस की आड़ में पार्किंग संचालित कर रहा था।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि लाइसेंस रद्द होने के बाद से आरोपी कितने समय तक अवैध रूप से पार्किंग शुल्क वसूलता रहा और इस दौरान कितने वाहन चालकों से पैसे लिए गए। बरामद पार्किंग पर्चियों के स्रोत और उनके इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button