प्राचीन खोपड़ी पर चिपकी हैं गोल्डेन पत्तियां, मुंह में मिले चांदी के सिक्के का रहस्य, खाल गल गई लेकिन सोना नहीं!

एथेंस,(एजेंसी)। ग्रीस के एक म्यूजियम में एक प्राचीन खोपड़ी रखी हुई है। तमाम बेश्कीमती चीजों की बीच यह 2,500 साल पुरानी खोपड़ी आकर्षण का केंद्र है। खबरों की मानें तो यह खोपड़ी किसी खिलाड़ी की थी जिस पर सोने की पत्तियां लगी हुई हैं। हैरत की बात यह है कि हजारों साल में मांस और त्वचा गायब हो गई लेकिन ये पत्तियां अभी भी बरकरार हैं और खोपड़ी की हड्डी से चिपकी हैं। खोपड़ी के मुंह के अंदर से एक चांदी का सिक्का भी मिला था जिसका संबंध ग्रीस की पौराणिक मान्यताओं से है। खबरों के मुताबिक यह खोपड़ी प्राचीन शहर लाटो के कब्रिस्तान से मिली थी। यह क्रेटे में एगियोस निकोलाओस म्यूजियम में रखी सबसे आकर्षक चीजों में से एक है। लाटो क्रेटे का एक प्राचीन शहर है जिसके खंडहर क्रित्सा गांव से लगभग 3 किमी दूर स्थित हैं, जो क्रेटे के सबसे पुराने गांवों में से एक है। क्रित्सा गांव कास्टेलोस नाम की एक चट्टान पर बसा हुआ है। यह पहाड़ी 375 मीटर की ऊंचाई पर जैतून के पेड़ों से घिरी हुई है।
जानकारी के अनुसार यह खोपड़ी किसी खिलाड़ी की थी जिसे मुंह में चांदी के सिक्के और त्वचा पर सोने की पत्तियों के साथ दफनाया गया था। ग्रीस की मान्यता के अनुसार मुंह में चांदी का सिक्का खारोन के लिए रखा गया था जो मरने वालों की आत्मा को पाताल तक ले जाता है।एगियोस निकोलाओस म्यूजियम 1969 में खुला था और इसे क्रेटे में सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। इस म्यूजियम में 3000 ईसा पूर्व से दूसरी शताब्दी ईस्वी की अवधि तक का पुरातात्विक खजाना रखा हुआ है। म्यूजियम में प्रदर्शन के लिए 1500 से अधिक बर्तनों के साथ-साथ प्राचीन सोने और कांस्य की चीजें भी रखी हुई हैं। हालांकि फिलहाल म्यूजियम बंद है और सभी ऐतिहासिक चीजों को क्रेटे के दूसरे म्यूजियम में रखा गया है।




