प्राथमिक विद्यालय पाई में बच्चों को वितरित की गईं टी-शर्ट, खंड शिक्षा अधिकारी ने की सराहना

न्याय पंचायत पौली के प्राथमिक विद्यालय पाई में शुक्रवार को इंचार्ज प्रधानाध्यापिका अनुराधा गौतम के नेतृत्व में बच्चों को टी-शर्ट वितरित की गईं। खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार सिंह ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना की।

संवाददाता/सत्येंद्र शुक्ला

फतेहपुर,उत्तर प्रदेश। न्याय पंचायत पौली के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय पाई में शुक्रवार को बच्चों का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से टी-शर्ट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इंचार्ज प्रधानाध्यापिका अनुराधा गौतम के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार सिंह ने की। उन्होंने अपने हाथों से बच्चों को टी-शर्ट वितरित कीं और विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों में उत्साह बढ़ाने के साथ उनके सर्वांगीण विकास में भी सहायक होती हैं। उन्होंने विद्यालय परिवार से शैक्षिक और सह-शैक्षिक गतिविधियों में इसी तरह सक्रिय भागीदारी जारी रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी ने शिक्षकों के साथ ‘नो बैग डे’, शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति और विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई और शैक्षिक प्रगति की जानकारी भी ली।
इसी क्रम में खंड शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय के विकास, परिसर की साफ-सफाई, बच्चों की नियमित उपस्थिति और मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में विद्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरिशंकर, पंचम लाल, कमलेश कुमार सहित गांव के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विद्यालय के शिक्षक अनुज यादव, आकाश बाजपेई और अन्य स्टाफ सदस्यों के साथ टीएससीटी के जिला मीडिया प्रभारी भास्कर द्विवेदी, ग्रामीण और बड़ी संख्या में बच्चे भी कार्यक्रम में शामिल हुए। टी-शर्ट वितरण और बैठक का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button