ईवीएम तो आपके पिताजी ही लाए थे, फिर वोट चोरी का नारा क्यों? रवि किशन ने राहुल गांधी पर कसा तंज

गोरखपुर में भाजपा सांसद रवि किशन ने ईवीएम को लेकर विपक्ष पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनाव हारने पर ईवीएम पर सवाल उठाता है।

गोरखपुर,उत्तर प्रदेश। गोरखपुर के सांसद एवं फिल्म अभिनेता रवि किशन ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष जब चुनाव हारता है तो ईवीएम पर सवाल उठाता है, लेकिन चुनाव जीतने के बाद उसी ईवीएम पर कोई सवाल नहीं करता। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि जब ईवीएम का इस्तेमाल कांग्रेस के शासनकाल में भी होता रहा है तो अब इसे लेकर सवाल क्यों उठाए जा रहे हैं।
रवि किशन बुधवार को गोरखपुर क्लब में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा’ में शामिल हुए। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव में हार के बाद ईवीएम को जिम्मेदार ठहराने की राजनीति पर विपक्ष को जवाब देना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि चुनाव जीतने पर ईवीएम पर आपत्ति क्यों नहीं होती।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए रवि किशन ने कहा, “आप धरने पर हैं। जबकि आपके पिताजी ही ईवीएम लाए थे तो फिर वोट चोर और वोट चोरी का नारा क्यों?” उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब राहुल गांधी समेत विपक्षी दलों के नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। छह अक्टूबर को दिल्ली में विपक्षी सांसदों ने चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया था और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की थी।
रवि किशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जनसेवा से राष्ट्रसेवा तक के सफर और विकास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने गुजरात में शुरू हुए विकास मॉडल का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे देशभर में आगे बढ़ाया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह, महापौर मंगलेश श्रीवास्तव, पूर्व महापौर सत्या पांडे, महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी, राज्यसभा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल समेत कई सांसद, विधायक और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। गोरखपुर क्लब से ‘विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा’ की शुरुआत की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button