महात्मा गांधी पर आपत्तिजनक रील बनाने के आरोप में सोशल मीडिया क्रिएटर सिमरन पटेल गिरफ्तार

गुजरात के सूरत में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पर आपत्तिजनक रील बनाने के मामले में एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर की गिरफ्तारी की गई है। सूरत साइबर पुलिस ने शिकायत मिलने पर सिमरन पटेल को अरेस्ट किया है। सिमरन ने 1 अक्टूबर को इंस्टाग्राम पर रील पोस्ट की थी।

सूरत,एजेंसी। गांधी जयंती से ठीक पहले महात्मा गांधी की तस्वीर को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक रील बनाने के मामले में सूरत पुलिस ने सोशल मीडिया क्रिएटर सिमरन पटेल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सिमरन ने 1 अक्टूबर को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर 500 रुपये के नोट पर छपी महात्मा गांधी की तस्वीर के साथ कथित तौर पर अशोभनीय हाव-भाव और आपत्तिजनक टिप्पणियों वाली रील अपलोड की थी।
पुलिस के मुताबिक, रील दोपहर करीब एक बजे से शाम छह बजे के बीच अपलोड की गई थी। वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में आने के बाद सिमरन ने कथित तौर पर उसे अपने अकाउंट से हटा दिया। इसके बाद सोशल वर्कर धर्मेश गामी ने सूरत साइबर अपराध शाखा से शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 57 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने सोशल मीडिया अकाउंट संचालित करने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए तकनीकी जांच की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस निरीक्षक एन.आर. पटेल के नेतृत्व में टीम ने रविवार को सिमरन को गिरफ्तार किया। जांचकर्ताओं का कहना है कि रील में महात्मा गांधी की तस्वीर के साथ किए गए कथित हाव-भाव और प्रस्तुतिकरण को आपत्तिजनक माना गया, जिससे लोगों की भावनाएं आहत होने की आशंका थी।
पुलिस के अनुसार, अडाजन क्षेत्र में रहने वाली 47 वर्षीय सिमरन पटेल ने 12वीं तक पढ़ाई की है और शादी के बाद करीब 17 वर्षों से सूरत में रह रही है। पुलिस का कहना है कि वह नियमित रूप से छोटे वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करती थी। जांच के दौरान उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर पहले भी कथित तौर पर अशोभनीय वीडियो पोस्ट किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, इन पुराने वीडियो को लेकर पुलिस की जांच और मामले में उनकी कानूनी भूमिका अलग से स्पष्ट की जानी बाकी है।
पुलिस के मुताबिक, सिमरन के इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर एक चेतावनी भी दर्ज है, जिसमें बच्चों और इस तरह की सामग्री पसंद नहीं करने वाले लोगों को अकाउंट से दूर रहने या उसे ब्लॉक करने की सलाह दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले में रील की सामग्री, उसके अपलोड किए जाने और अकाउंट के संचालन से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button