दंगल में पहलवानों ने दिखाए दमखम, फैजल गनी ने मनीष राजस्थान को दी पटखनी
नगर पंचायत खखरेरू के वार्ड नंबर नौ चंद्रशेखर आजाद नगर में चल रहे दो दिवसीय मेले के अंतिम दिन दंगल का आयोजन हुआ। फाइनल कुश्ती में बांदा के फैजल गनी ने राजस्थान के मनीष को 11 हजार रुपये की कुश्ती में पटखनी देकर जीत हासिल की। वहीं 5100 रुपये की दूसरी कुश्ती में हरिद्वार के बाबा भगत दास ने पंजाब के अंगद पहलवान को हराया।

संवाददाता/सत्येंद्र शुक्ला
फतेहपुर,उत्तर प्रदेश। नगर पंचायत खखरेरू के वार्ड नंबर नौ चंद्रशेखर आजाद नगर में आयोजित दो दिवसीय मेले के अंतिम दिन दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में विभिन्न स्थानों से पहुंचे पहलवानों ने अखाड़े में अपने दमखम और कुश्ती के दांव-पेंच का प्रदर्शन किया। मुकाबले देखने के लिए क्षेत्र के बड़ी संख्या में दंगल प्रेमी पहुंचे और पहलवानों का उत्साहवर्धन किया।
मेले एवं दंगल के संचालक आलोक यादव के अनुसार दंगल की मुख्य फाइनल कुश्ती राजस्थान के पहलवान मनीष और बांदा के फैजल गनी के बीच हुई। 11 हजार रुपये की इस कुश्ती में दोनों पहलवानों के बीच जोरदार मुकाबला देखने को मिला। आखिरकार फैजल गनी ने शानदार दांव लगाते हुए मनीष राजस्थान को पटखनी देकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। पहलवानों के बीच हुए रोमांचक मुकाबले और दांव-पेंच देखकर दर्शक उत्साहित नजर आए।
इसके अलावा हरिद्वार के बाबा भगत दास और पंजाब के अंगद पहलवान के बीच 5100 रुपये की कुश्ती हुई। इस मुकाबले में बाबा भगत दास ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए विजय हासिल की। अखाड़े में पहलवानों के बीच हुए मुकाबलों के दौरान दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
दंगल के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष ज्ञान चंद्र केसरवानी, संगीता राज पासी, रामतीरथ परमहंस, नरेश कोरी मंडेला प्रधान, अर्जुन यादव, देवेंद्र यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में दंगल प्रेमियों ने पहुंचकर कुश्ती का आनंद लिया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।




