ईस्टर्न रेंज में ट्रैफिक पुलिस का विशेष अभियान, शराब पीकर वाहन चलाने पर 60 चालान

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड
पूर्वी दिल्ली। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ईस्टर्न रेंज में शाम पांच बजे से रात आठ बजे तक विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने और गलत दिशा में वाहन चलाने जैसे गंभीर यातायात उल्लंघनों पर विशेष नजर रखी गई। पुलिस टीमों ने विभिन्न चौराहों और चिन्हित स्थानों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की गहन जांच की।
ईस्टर्न रेंज की डीसीपी श्वेता सिंह चौहान के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों की जांच के लिए मौके पर श्वास विश्लेषक यंत्र का इस्तेमाल किया गया। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मौके पर ही चालान की कार्रवाई की गई। कुछ गंभीर मामलों में वाहनों को जब्त भी किया गया।
पुलिस के अनुसार, पूरे ईस्टर्न रेंज में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने के करीब 60 चालान किए गए। इनमें उत्तर-पूर्वी जिले में 21, शाहदरा जिले में 21 और पूर्वी जिले में 18 चालान शामिल हैं। अभियान के दौरान यातायात नियमों के अन्य उल्लंघनों पर भी पुलिस टीमों ने कार्रवाई की।
डीसीपी श्वेता सिंह चौहान के अनुसार, यह अभियान ईस्टर्न रेंज के सभी यातायात सर्किलों में चलाया गया। इसमें शराब का सेवन कर कार या दोपहिया वाहन चलाने वालों के अलावा गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना हेलमेट वाहन चलाने, काले शीशे का इस्तेमाल करने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों की जांच की गई।
अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी लोगों को जागरूक किया। अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार बनाना भी है। कई वाहन चालकों को नियमों के उल्लंघन पर समझाइश देते हुए सड़क सुरक्षा के महत्व की जानकारी दी गई।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार शराब पीकर वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख जोखिमों में शामिल है। ऐसे में विशेष जांच अभियान के जरिए संवेदनशील यातायात उल्लंघनों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।




