ओमान तट के पास वाणिज्यिक जहाज पर हमला, एक भारतीय की मौत, 19 सुरक्षित
समंदर में एक बार फिर कमर्शियल जहाज को निशाना बनाया गया है। इस जहाज पर 20 भारतीय नागरिक सवार थे, जिनमें से 19 को बचा लिया गया है, लेकिन भारत के लिए दुखद बात ये है कि 1 भारतीय नागरिक की इस हमले में मौत हो गई। हमले पर भारतीय विदेश मंत्रालय का बयान भी आया है।

नई दिल्ली,एजेंसी। ओमान के पूर्वी तट के पास भारत की ओर आ रहे वाणिज्यिक जहाज एमवी केप दाओ पर बुधवार को हमला किया गया। हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि 19 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया। भारतीय विदेश मंत्रालय ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मंत्रालय ने क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों को गंभीर चिंता का विषय बताया है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार ओमान स्थित भारतीय दूतावास पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रहा है और भारतीय नाविकों की जल्द स्वदेश वापसी के लिए ओमानी अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है। मंत्रालय ने सहयोग के लिए ओमान के अधिकारियों का आभार भी जताया है। भारत ने क्षेत्र में तनाव कम करने और जल्द शांति बहाल करने के लिए बातचीत और कूटनीति का रास्ता अपनाने की अपील दोहराई है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि ओमान के पूर्वी तट के पास एमवी केप दाओ पर हुए हमले की भारत निंदा करता है। उन्होंने बताया कि जहाज पर सवार भारतीय नाविकों में से 19 को बचा लिया गया, जबकि एक भारतीय नागरिक की दुखद मौत हुई है। मंत्रालय ने कहा कि वाणिज्यिक जहाजों, नाविकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया जाना बंद होना चाहिए तथा क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में जहाजों और व्यापार की निर्बाध आवाजाही जल्द बहाल की जानी चाहिए।
ओमान के अधिकारियों के अनुसार जहाज पर कुल 28 चालक दल के सदस्य सवार थे और रॉयल नेवी ऑफ ओमान के अभियान में 27 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। अधिकारियों ने बताया कि हमला मुसंदम प्रांत के तट से करीब 25 समुद्री मील दूर हुआ और इसके बाद जहाज के इंजन कक्ष में आग लग गई। बचाए गए लोगों में 19 भारतीय शामिल हैं।
उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार भारतीय नाविक की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी सूरज यादव के रूप में की गई है। हालांकि, चालक दल में भारतीय नागरिकों की संख्या को लेकर भारतीय दूतावास और एक नाविक संगठन की ओर से अलग-अलग आंकड़े सामने आए हैं।
क्षेत्र में इससे पहले भी वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आती रही हैं। 5 मार्च को बहामास के झंडे वाले जहाज, 6 मार्च को संयुक्त अरब अमीरात के पोत मुस्तफा-2, 7 मार्च को मार्शल आइलैंड्स के जहाज और 10 मार्च को थाईलैंड के जहाज पर हमले की घटनाओं का उल्लेख किया गया है। इन घटनाओं के बीच एमवी केप दाओ पर हुए हमले ने समुद्री मार्गों में वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।




