‘माफिया नाश्ता कॉर्नर’ लगाकर मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ पर कांग्रेस का हमला

जयपुर के झोटवाड़ा में कांग्रेस नेता अभिषेक चौधरी ने बीजेपी मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने मंत्री की फोटो लगाकर 'माफिया नाश्ता कॉर्नर' नाम से एक स्टॉल लगाई है। इस स्टॉल के माध्यम से मंत्री के पुराने बयान पर निशाना साधा गया है।

जयपुर/एजेंसी। प्रदेश में नगर निकाय चुनाव के बीच सोमवार शाम पांच बजे पहले चरण के मतदान के प्रचार का शोर थम गया। इसी बीच जयपुर के झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के खिलाफ कांग्रेस ने अनूठे अंदाज में प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता अभिषेक चौधरी ने 200 फीट रोड पर मंत्री की तस्वीर लगाकर ‘माफिया नाश्ता कॉर्नर’ नाम से एक स्टॉल लगाया। स्टॉल पर लगी मंत्री की तस्वीर और उसके नाम को लेकर वहां से गुजरने वाले लोगों में भी चर्चा रही। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
प्रदर्शन की कमान संभाल रहे कांग्रेस नेता अभिषेक चौधरी ने मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ पर निशाना साधते हुए कहा कि झोटवाड़ा की जनता ने उन्हें चुनकर विधानसभा भेजा था, लेकिन वे लोगों की समस्याओं को तकिये के नीचे रखकर सो गए हैं। चौधरी ने राठौड़ के पुराने बयान का हवाला देते हुए कहा कि मंत्री ने कभी कहा था कि वह माफिया को नाश्ते में खा जाएंगे, जबकि आज आरोप है कि वही माफिया के साथ नाश्ता कर रहे हैं।
चौधरी ने आरोप लगाया कि मंत्री ने डराने-धमकाने के बाद माफिया से मिलीभगत कर ली है। उन्होंने कहा कि लोगों ने अपनी समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के विकास की उम्मीद में उन्हें चुना था, लेकिन वे अपने वादों को भूल गए। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि मंत्री ने बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन जमीनी स्तर पर काम शून्य रहा है।
दरअसल, कांग्रेस नेता अभिषेक चौधरी जिस बयान को लेकर मंत्री राठौड़ पर निशाना साध रहे हैं, वह दिसंबर 2023 का बताया जा रहा है। विधानसभा चुनाव में जीत के बाद एक जनसभा में राठौड़ ने माफिया को खुली चुनौती देते हुए कहा था कि वे जितने भी हैं, सभी को वह अपने नाश्ते में खा जाएंगे और कानून की ताकत से उन्हें खत्म करेंगे। उन्होंने यह भी कहा था कि सभी को ढूंढकर, जरूरत पड़ने पर जमीन खोदकर भी बाहर निकाला जाएगा। इसी पुराने बयान को आधार बनाकर कांग्रेस ने ‘माफिया नाश्ता कॉर्नर’ के जरिए मंत्री पर राजनीतिक हमला बोला है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button