‘बाबाओं’ पर मासूम शर्मा के नए गाने ने मचाया बवाल,धमकी भरे फोन आने का दावा
हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा का नया गाना 'तत्वदर्शी' पाखंडी बाबाओं पर निशाना साधने के कारण विवादों में है, जिसके बाद उन्हें धमकी भरे फोन आ रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लाइव आकर इसकी जानकारी दी।

जींद/हरियाणा। हरियाणवी गायक मासूम शर्मा एक बार फिर विवादों में हैं। इस बार उनका नया गीत ‘तत्वदर्शी’ चर्चा में है। गीत में पाखंडी बाबाओं और डेरों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए हैं। गीत जारी होने के बाद मासूम शर्मा ने धमकी भरे फोन आने का दावा किया है।
शुक्रवार रात करीब 10 बजे सोशल मीडिया पर लाइव आए मासूम शर्मा ने पूरे मामले की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि एक विशेष व्यक्ति, जो स्वयं को गुरु या परमात्मा बताता है, उसके अनुयायी गीत को लेकर नाराज हैं। मासूम शर्मा ने कहा कि यदि गीत में कही गई बातें किसी व्यक्ति पर लागू नहीं होतीं तो उसे परेशान होने की जरूरत नहीं होनी चाहिए।
गायक ने कहा कि सामाजिक कुरीतियों और बुराइयों के खिलाफ उनकी आवाज आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि ऐसे ही सामाजिक विषयों पर आधारित चार और एलबम आने वाली हैं। उनका कहना है कि जब तक समाज में कुरीतियां और बुराइयां समाप्त नहीं होतीं, तब तक वह सामाजिक मुद्दों को अपने गीतों के माध्यम से उठाते रहेंगे।
सोशल मीडिया पर हुए इस लाइव कार्यक्रम के दौरान हरियाणवी कलाकार हैरी लाठर भी वीडियो कॉल के माध्यम से जुड़े और उन्होंने मासूम शर्मा का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में केवल व्यावसायिक गीतों के बजाय सामाजिक मुद्दों से जुड़े विषयों पर अधिक काम किया जाएगा। फिलहाल किसी व्यक्ति का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है, हालांकि जरूरत पड़ने पर नाम लेकर भी अपनी बात रखने की बात कही गई।
मासूम शर्मा ने दावा किया कि उन्हें और हैरी लाठर को धमकियां मिली हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल किसी एक व्यक्ति से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि सार्वजनिक पहचान रखने वाले लोगों को भी ऐसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। हालांकि धमकी देने वाले व्यक्ति या कथित धमकियों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
‘तत्वदर्शी’ गीत रिलीज होने के बाद शुरू हुआ विवाद अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है। मासूम शर्मा के बयान के बाद उनके समर्थकों और विरोधियों के बीच तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। फिलहाल मामले में किसी पुलिस कार्रवाई या शिकायत की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।




