मेरठ में पटाखा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, झुलस कर एक मजदूर की मौत

मेरठ,(उत्तर प्रदेश)। मेरठ के रोहटा थाना क्षेत्र में एक पटाखा फैक्ट्री में  शुक्रवार की दोपहर भीषण आग लग गई। धमाकों की आवाज से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इस हादसे में आग में घिरने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई, कई दूसरे झुलस गए। फैक्ट्री में काम कर रही बाकी महिलाओं व मजदूरों ने आठ फीट ऊंची बाउन्ड्री वॉल कूद कर जान बचाई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ि‍यों ने घंटो की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अधिकारी जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रहे हैं।

रोहटा गांव में दहिया धर्म कांटे के सामने मेरठ निवासी गौरव गुप्ता पुत्र अजय गुप्ता की पटाखे की फैक्ट्री है। बताया जाता है कि शुक्रवार को फैक्ट्री में लगभग एक दर्जन मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान बारूद पर चिंगारी गिरने से फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। घटना के चलते फैक्ट्री में काम कर रही लेबर में हड़कंप मच गया। फैक्ट्री में मौजूद महिला कर्मचारी और अन्य मजदूरों ने 8 फीट ऊंची दीवार फांद कर अपनी जान बचाई। मगर एक मजदूर आग की लपटों में घिरा रह गया।

इस दौरान पटाखों के धमाके से पूरे इलाके में अफरा-तफरी के हालात बन गए। मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। जानकारी के बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मामले की जानकारी मिलने पर कई थानों की फोर्स के साथ एसपी देहात केशव मिश्रा भी पहुंचे। पुलिस को फैक्ट्री के भीतर से एक मजदूर की लाश बरामद हुई, जो जलकर कोयले में तब्दील हो चुकी थी। शव की शिनाख्त ना होने पर पुलिस ने उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। एसपी देहात केशव मिश्रा ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री मालिक के पास फैक्ट्री का लाइसेंस था। लेकिन यह लाइसेंस पटाखा बनाने का था या पटाखों को स्टॉक करने का, इसके विषय में जानकारी की जा रही है। उन्होंने जांच के बाद कार्यवाही का दावा किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button