पीएम पोषण योजना के तहत रसोइयों का सम्मान, कैशलेस चिकित्सा कार्ड किये वितरित

संवाददाता/सत्येंद्र शुक्ला

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। पीएम पोषण योजना के अंतर्गत विद्यालयों में कार्यरत विजयीपुर और धाता विकासखंड की रसोइयों का सम्मान समारोह नगर पंचायत खखरेरू के सभागार कक्ष में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रसोइयों के योगदान को सराहते हुए उन्हें सम्मानित किया गया तथा कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हसवा ब्लॉक प्रमुख विकास पासवान तथा विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत खखरेरू के चेयरमैन ज्ञान चंद्र केसरवानी रहे। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्साधीक्षक डॉ. राजू राव के नेतृत्व में स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। शिविर में उपस्थित रसोइयों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और आवश्यकतानुसार दवाइयां वितरित की गईं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लाइव प्रसारण के माध्यम से रसोइयों को दी गई विभिन्न सौगातों की जानकारी दी गई। बताया गया कि रसोइयों का मानदेय दो हजार रुपये से बढ़ाकर तीन हजार रुपये किया गया है। दुर्घटना की स्थिति में रसोइयों के परिवार को दो लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है।
इसके अलावा रसोइयों को चिकित्सा कार्ड उपलब्ध कराया गया है, जिसके माध्यम से पांच लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा का लाभ मिल सकेगा। वहीं, साड़ी के लिए पहले मिलने वाली पांच सौ रुपये की राशि को बढ़ाकर दो हजार रुपये किए जाने की जानकारी भी दी गई।
लाइव प्रसारण के दौरान रसोइयों ने सरकार की ओर से की गई घोषणाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाली रसोइयां पीएम पोषण योजना की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके कार्य और योगदान को देखते हुए सरकार द्वारा की गई घोषणाएं उनके हित में महत्वपूर्ण कदम हैं।
कार्यक्रम में विजयीपुर खंड शिक्षा अधिकारी रजनीश श्रीवास्तव, धाता खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार सिंह, विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार यादव सहित धाता और विजयीपुर विकासखंड के शिक्षक एवं अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान रसोइयों को सम्मानित करने के साथ ही उनके स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विषयों पर भी जानकारी दी गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button