फर्जी मुकदमों के विरोध में सवर्ण आर्मी ने सौंपा ज्ञापन, बड़े आंदोलन की दी चेतावनी

सचिन पांडेय/जिला ब्यूरो चीफ

कौशाम्बी/उत्तर प्रदेश। कथित फर्जी मुकदमों के विरोध में सवर्ण आर्मी कौशाम्बी के जिलाध्यक्ष और पदाधिकारियों ने मंगलवार को शांतिपूर्ण तरीके से अधिकारियों का घेराव कर अपनी मांगों को रखा। संगठन के पदाधिकारियों ने सीओ कौशाम्बी और सीओ मंझनपुर को ज्ञापन सौंपते हुए मामलों की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की।
सवर्ण आर्मी के पदाधिकारियों ने टेवां निवासी राजेश पाण्डेय से जुड़े मामले को प्रमुखता से उठाया। संगठन का आरोप है कि कुछ लेखपालों की ओर से राजेश पाण्डेय के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। संगठन ने मुकदमे को कथित रूप से फर्जी बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
इसके अलावा पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के सेंगरहा निवासी कुलदीप चौधरी द्वारा पालरा निवासी रोहित द्विवेदी के खिलाफ दर्ज कराए गए मुकदमे का भी मुद्दा ज्ञापन में उठाया गया। संगठन ने इस मामले की भी निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की।
सवर्ण आर्मी के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन ने फिलहाल लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग प्रशासन के सामने रखी है। उनका कहना है कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने से पहले मामले के तथ्यों की निष्पक्ष जांच जरूरी है, ताकि निर्दोष लोगों को कानूनी प्रक्रिया का सामना न करना पड़े।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जिले में इसी तरह कथित रूप से फर्जी एससी/एसटी एक्ट के मुकदमे दर्ज किए जाते रहे और मामलों की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो सवर्ण आर्मी बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन ऐसी कार्रवाई का लोकतांत्रिक तरीके से कड़ा विरोध करेगा।
ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच कराने तथा जांच में सामने आने वाले वास्तविक तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने की मांग की गई। संगठन ने प्रशासन से मामले में जल्द हस्तक्षेप कर उचित समाधान कराने की अपेक्षा जताई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button