प्रोटेस्ट के बजाय मैंने घर पर रहकर पढ़ाई की,छात्रों के प्रदर्शन पर बोले नीट टॉपर

री-नीट-यूजी2026 में AIR-2 हासिल करने वाले पांशुल बंसल ने बताया कि परीक्षा रद होने पर उन्होंने विरोध के बजाय घर पर रहकर पढ़ाई करने का फैसला किया।

नई दिल्ली/एजेंसी। री-नीट-यूजी2026 की परीक्षा में AIR-2 हासिल करने वाले पांशुल बंसल ने कहा कि जब पेपर लीक को लेकर विरोध-प्रदर्शन हो रहे थे, तो उन्होंने घर पर रहकर पढ़ाई करने का फैसला किया। री-नीट एग्जाम में 99.9999 परसेंटाइल के साथ ऑल इंडिया रैंक 2 हासिल करने वाले पांशुल बंसल ने कहा कि जब नीट परीक्षा रद हुई शुरू में निराशा जरूर हुई, लेकिन बाद में उन्होंने इसे अपने परफॉर्मेंस को बेहतर बनाने के मौके के तौर पर देखा।
पांशुल बंसल ने कहा कि शुरू में, मैं दुखी और निराश हुआ कि परीक्षा रद हो गई। फिर मैंने सोचा कि रोने-धोने के कोई फायदा नहीं होगा। मैंने खुद को संभाला और अपने उस रेगुलर शेड्यूल पर ध्यान देना शुरू किया जो नीट से पहले था।
मैंने सोचा कि मुझे अपना सब कुछ झोंक देना चाहिए और इसे देखना चाहिए कि भगवान ने मुझे बेहतर स्कोर करने का मौका दिया है, क्योंकि वे जानते हैं कि बेहतर स्कोर कर सकता हूं।
दूसरे स्टूडेंट्स को मैसेज देते हुए उन्होंने कहा कि परीक्षा करवाना आपके हाथ में नहीं है। इसलिए, इसे इस तरह देखें, जो हुआ, अच्छे के लिए हुआ। इसे ऐसे लें कि आप और भी बेहतर परफॉर्म करेंगे और बेहतर स्कोर करेंगे। जब पेपर रद होता है, तो आपको बहुत हिम्मत और मजबूती की जरूरत होती है, हार नहीं माननी चाहिए।
प्रोटेस्ट के बजाय मैंने घर पर रहकर पढ़ाई की- पांशुल बंसल
उन्होंने कहा कि मैंने सोचा कि प्रोटेस्ट में क्यों जाऊं। इसके बजाय, मैं घर पर पढ़ाई कर सकता था और अपनी स्किल्स और स्कोर को बेहतर बना सकता था। उनकी यह बात ऐसे समय पर आई है जब विरोध-प्रदर्शन तेज हो गए हैं, हजारों छात्र सड़कों पर उतर आए है और विपक्षी पार्टियां केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही हैं। नई दिल्ली के ग्रेटर कैलाश स्थित केआर मंगलम वर्ल्ड स्कूल के छात्र बंसल ने दोबारा परीक्षा में 715 मार्क्स हासिल किए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button