नंद नगरी में गलत पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस का विशेष अभियान, 100 के करीब ई-चालान, 14 वाहन टो
नंद नगरी में ट्रैफिक पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर गलत पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की, जिसमें करीब 100 ई-चालान किए गए और 14 वाहन टो किए गए। अधिकारियों ने लोगों से नियमों का पालन करने और निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़ा करने की अपील की।

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड
दिल्ली ब्यूरो। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी ट्रैफिक सर्किल में 17 जुलाई 2026 को डीसीपी ट्रैफिक ईस्टर्न रेंज के. रमेश के निर्देशन तथा टीआई विकास पंवार के नेतृत्व में डीटीसी बस स्टैंड 212 नंद नगरी के पास गलत तरीके से पार्क किए गए वाहनों और अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करते हुए करीब 90 से 100 गलत पार्किंग के ई-चालान किए गए, वहीं 14 वाहनों को टो कर हटाया गया।
अभियान के तहत सड़क किनारे खड़े अवैध वाहनों और अतिक्रमण को हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने का प्रयास किया गया। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया और अव्यवस्थित पार्किंग से होने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी दी।
टीआई विकास पंवार ने बताया कि क्षेत्र में लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए नंद नगरी थाने में नियमित रूप से “ट्रैफिक पाठशाला” का आयोजन किया जाता है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे अपनी जिम्मेदारी समझें, वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें और ट्रैफिक नियमों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें, ताकि क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
उन्होंने यह भी बताया कि अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई डीसीपी ट्रैफिक ईस्टर्न रेंज के. रमेश के निर्देशन पर विशेष अभियान के तहत की गई है और आगे भी इस तरह के सख्त अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर हो सके और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।





