खुशखबरी! गुलमर्ग गंडोला का इंतजार खत्म, 30 दिन बाद 25 जून की सुबह से दौड़ेगी केबल कार, सुरक्षा जांच पूरी
कश्मीर घाटी के गुलमर्ग में प्रतिष्ठित गंडोला केबल कार सेवा लगभग एक महीने बाद गुरुवार सुबह से फिर से शुरू होने के लिए तैयार है, जिससे स्थानीय पर्यटन उद्योग में नई उम्मीद जगी है।

श्रीनगर/एजेंसी। पर्यटन से स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। कश्मीर घाटी के विश्वप्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग की प्रतिष्ठित गंडोला केबल कार सेवा, जो पिछले लगभग एक महीने से तकनीकी खराबी के चलते बंद थी, अब कल सुबह से फिर से शुरू होने के लिए पूरी तरह तैयार है। सेवा की बहाली के साथ ही स्थानीय पर्यटन उद्योग में नई उम्मीद और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
केबल कार कार्पोरेशन से जुड़े सूत्रों के अनुसार, 25 मई को तकनीकी खराबी के कारण गोंडोला सेवा अचानक रोकनी पड़ी थी, जब विभिन्न केबिनों में 300 से अधिक पर्यटक हवा में फंस गए थे। इस दौरान हालात गंभीर हो गए थे और तत्काल बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया गया। अभियान में केबल कार कॉर्पोरेशन की तकनीकी टीम के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) ने कई घंटों तक संयुक्त रूप से कार्य कर सभी फंसे हुए पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाला।
इस घटना के बाद सुरक्षा और तकनीकी खामियों की समीक्षा के लिए प्रदेश सरकार ने 10 जून 2026 को एक जांच समिति का गठन किया था। समिति को 10 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपनी थी, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बावजूद न तो रिपोर्ट सार्वजनिक की गई है और न ही प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक स्थिति स्पष्ट की गई है, जिससे कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं।
लगभग एक महीने तक गंडोला सेवा के बंद रहने से गुलमर्ग की स्थानीय अर्थव्यवस्था पर गहरा असर पड़ा। पर्यटन पर निर्भर सैकड़ों परिवारों की आजीविका प्रभावित हुई। गाइड, फोटोग्राफर, पोनीवाले, टूर ऑपरेटर और होटल व्यवसायी सबसे अधिक प्रभावित रहे, जबकि स्की रिसॉर्ट क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियाँ लगभग ठप हो गई थीं। सूत्रों के मुताबिक, केबल कार कॉर्पोरेशन की तकनीकी टीमें पिछले कई हफ्तों से लगातार चौबीसों घंटे मरम्मत और सुधार कार्यों में जुटी थीं। सभी तकनीकी खामियों को दूर करने और सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करने के बाद पिछले दो दिनों में किए गए ट्रायल रन सफल रहे हैं। सभी आवश्यक तकनीकी मानकों का विस्तृत आकलन भी पूरा कर लिया गया है, जिसके बाद प्रणाली को यात्री संचालन के लिए सुरक्षित घोषित किया गया है।
ट्रायल सफल रहने और तकनीकी मंजूरी मिलने के बाद संभावना है कि गंडोला सेवा गुरूवार की सुबह से नियमित रूप से शुरू कर दी जाएगी। इस फैसले का गुलमर्ग के व्यापारिक समुदाय और पर्यटन से जुड़े लोगों ने स्वागत किया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सेवा बहाली से पर्यटकों की आमद बढ़ेगी और लंबे समय से प्रभावित आजीविका फिर से पटरी पर लौट सकेगी। आपको बता दें कि 25 मई की घटना के दौरान केबल कार कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक सैयद क़मर सज्जाद सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर बचाव अभियान की निगरानी की थी। पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों की तत्परता और समन्वित कार्रवाई की व्यापक सराहना हुई थी, जिसने बिना किसी जनहानि के सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता हासिल की। गंडोला सेवा की बहाली को गुलमर्ग के पर्यटन क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ माना जा रहा है। गर्मी के मौसम की शुरुआत के साथ ही घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या में धीरे-धीरे वृद्धि हो रही है, ऐसे में इस सेवा के पुनः शुरू होने से क्षेत्रीय पर्यटन को आवश्यक गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।




