इटली के रेस्तरां में भारत विरोधी टिप्पणी करने पर बांग्लादेशी वेटर पर भड़कीं भारतीय महिलाएं, पुलिस के सामने मंगवाई माफी

भारतीय महिलाओं ने इटली में अपनी बहादुरी का परिचय देते हुए एक रेस्तरां में भारत और भारतीयों के खिलाफ भद्दी टिप्पणी करने वाले वेटर को अच्छे से सबक सिखाया।

रोम/एजेंसी। सोशल मीडिया पर इन दिनों भारतीय महिलाओं के एक समूह का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे इटली के एक रेस्तरां में एक वेटर के साथ तीखी बहस करती नजर आ रही हैं। आरोप है कि वेटर ने भारत और भारतीय ग्राहकों के खिलाफ अपमानजनक और नस्लभेदी टिप्पणियां की थीं। यह वीडियो खुशी दुबे नाम की एक इंस्टाग्राम यूजर द्वारा ‘इटली में हमारे साथ यह क्या हुआ’ कैप्शन के साथ साझा किया गया है। वीडियो में ‘होसैन’ नाम का वेटर महिलाओं से बहस करता दिखाई देता है और कथित तौर पर गाली-गलौज का इस्तेमाल करता है। दावा किया जा रहा है कि संबंधित वेटर बांग्लादेश का रहने वाला है।
हालांकि, वीडियो से यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई, लेकिन इसमें वेटर को भारतीय महिला पर्यटकों के खिलाफ आपत्तिजनक और नस्लभेदी टिप्पणी करते हुए सुना जा सकता है। इसके साथ ही भारत के प्रति भी अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया। वायरल वीडियो में एक समय ऐसा भी आता है जब वेटर महिलाओं को वहां से जाने के लिए कहता है और पुलिस बुलाने की बात करता है। इस पर महिलाओं ने कड़ा विरोध जताते हुए उसे अपनी भाषा संयमित रखने की नसीहत दी और महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार की मांग की।
मामला उस समय और बढ़ गया जब वेटर ने भारत को लेकर भी टिप्पणी करनी शुरू कर दी। इस पर महिलाओं ने उसे स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि वह शालीनता से बात करे और महिलाओं का सम्मान करना सीखे। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर दो पुलिसकर्मी पहुंच गए। पुलिस के पहुंचते ही वेटर का रवैया बदल गया और उसने माफी मांगनी शुरू कर दी। हालांकि, महिलाओं ने स्पष्ट रूप से कहा कि वह भारत और भारतीयों के खिलाफ की गई टिप्पणी के लिए साफ-साफ माफी मांगे।
आखिरकार वेटर ने अपने व्यवहार के लिए स्पष्ट शब्दों में माफी मांग ली। यह घटना सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इस पर विभिन्न प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button