शाहदरा में सक्रिय वाहन चोर गिरफ्तार, तीन चोरी की बाइक-स्कूटी बरामद

दिल्ली ब्यूरो। शाहदरा जिले में स्नैचिंग और वाहन चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक सक्रिय वाहन चोर को गिरफ्तार कर तीन चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। आरोपी की पहचान फैजान उर्फ फरमान उर्फ शाहरुख उर्फ सलमान उर्फ शहजाद (25) निवासी न्यू सीलमपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में बढ़ती वारदातों को देखते हुए एएसबी सेल की टीम को सक्रिय अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे। 15-16 जून की रात गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ लिया। उसके कब्जे से एक चोरी की सुजुकी एक्सेस स्कूटी बरामद हुई, जो सीलमपुर थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी।
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर एक होंडा एक्टिवा स्कूटी और एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई, जो शाहदरा और अन्य क्षेत्रों से चोरी की गई थीं। पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी स्नैचिंग, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत 14 से अधिक मामलों में शामिल रहा है और हाल ही में तिहाड़ जेल से छूटने के बाद फिर से अपराध में सक्रिय हो गया था।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी करता था। चोरी किए गए वाहनों को वह अपने परिचितों को बेच देता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



