गाजियाबाद की इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी में आग, नोएडा, हापुड़ और बुलंदशहर से बुलानी पड़ी दमकल गाड़ियां
दिल्ली से सटे गाजियाबाद में एक कंपनी में भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं। आग बुझाने के लिए नोएडा, हापुड़ और बुलंदशहर से दमकल की गाड़ियां बुलाई गई हैं।
![]()
गाजियाबाद। गाजियाबाद में एक इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी में भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि कंपनी की सीएनसी मशीन में खराबी आने की वजह से आग लगी है। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में पूरी कंपनी में फैल गई।
गाजियाबाद स्थित एनएच-24 से सटी एलएन इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी में पंखे और लाइट बनाई जाती है। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने में जुट गई है। कंपनी को पूरी तरह से खाली करा लिया गया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि सीएनसी मशीन अत्याधिक गर्म हो गई थी, जिसके चलते आग लगी। आग से कंपनी को आर्थिक रूप से भारी नुकसान की संभावना है। आग तेज होने के कारण पूरे क्षेत्र में धुआं-धुआं फैल गया।
यह कंपनी बड़े क्षेत्र में फैली हुई है और यहां करीब साढ़े तीन हजार लोग काम करते हैं। जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय 400-500 कर्मचारियों को सुरक्षित तरीके से परिसर से बाहर निकाल लिया गया है। गाजियाबाद फायर डिपार्टमेंट को सोमवार शाम करीब चार बजे आग लगने की सूचना मिली थी। आग भीषण होने के चलते नोएडा, हापुड़ और बुलंदशहर से भी दमकल की गाड़ियां मंगवानी पड़ीं। आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। आग जल्द बुझ जाए इसके लिए गाड़ियों को पानी उपलब्ध कराने के लिए अन्य कंपनियों ने मदद का हाथ बढ़ाया है। गाजियाबाद अग्निशमन अधिकारी के अनुसार, सभी दमकलकर्मी कड़ी मशक्कत के साथ आग बुझाने में जुटे हुए हैं।




