एग्जाम वॉरियर अवार्ड-2026 से सम्मानित हुए मेधावी छात्र, संयुक्त शिक्षा निदेशक की सराहनीय पहल

मथुरा/उत्तर प्रदेश। आगरा मंडल में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. मुकेश चंद्र अग्रवाल द्वारा एग्जाम वॉरियर अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बोर्ड परीक्षा 2026 में जिला स्तर पर टॉप-10 स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उनके अभिभावकों, शिक्षकों और प्रधानाचार्यों के साथ सम्मानित किया गया। बताया गया कि जुलाई 2025 में आगरा मंडल के चारों जनपदों—आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी—के राजकीय, सहायता प्राप्त एवं स्ववित्त पोषित माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की बैठक आयोजित कर विद्यार्थियों को यूपी बोर्ड 2026 की मेरिट सूची में स्थान दिलाने के लिए विशेष प्रयास करने का आह्वान किया गया था। इसी पहल का परिणाम है कि इस वर्ष कई विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की।
आगरा जनपद के दो विद्यार्थियों ने प्रदेश की टॉप-10 सूची में स्थान बनाया, वहीं राजकीय माध्यमिक विद्यालयों की प्रदेश स्तरीय सूची में बीडीपी राजकीय इंटर कॉलेज, मथुरा के एक छात्र ने भी स्थान हासिल कर मंडल का गौरव बढ़ाया है। संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. अग्रवाल ने विद्यार्थियों की सफलता का श्रेय उनके कठिन परिश्रम, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नवाचार और गुणवत्तापूर्ण सुधार के लिए प्रयास जारी रहेंगे।
डॉ. अग्रवाल की पहल पर पूर्व में कोरोना काल के दौरान प्रदेश में ऑनलाइन शिक्षण व्यवस्था को गति मिली थी। इसके अलावा उनकी प्रेरणा से प्रदेश के विभिन्न जनपदों में पुस्तक मेलों का आयोजन भी शुरू किया गया, जिससे विद्यार्थियों में पठन-पाठन के प्रति रुचि बढ़ी है। शिक्षा के क्षेत्र में उनके अभिनव प्रयासों और योजनाओं को विभाग द्वारा भी सराहा जा रहा है, और उनकी कार्यप्रणालियों को प्रदेश के अन्य जिलों में लागू किया जा रहा है। शिक्षा के समग्र विकास और गुणात्मक उन्नयन की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।




