कासगंज एसपी की नई पहल, जन्मदिन और मैरिज एनिवर्सरी पर पुलिसकर्मियों को मिलेगा अब अवकाश
कासगंज एसपी ओपी सिंह ने पुलिसकर्मियों के लिए एक नई पहल की है, जिसके तहत उन्हें जन्मदिन, शादी की सालगिरह और बच्चों के जन्मदिन पर अवकाश मिलेगा।

कासगंज/उत्तर प्रदेश। दिन-रात ड्यूटी, अपराध नियंत्रण का दबाव, त्योहारों और पारिवारिक कार्यक्रमों से दूरी, पुलिस की नौकरी में निजी जीवन अक्सर पीछे छूट जाता है। ऐसे में कासगंज एसपी ओपी सिंह ने एक ऐसी पहल की है, जिसने कर्मचारियों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है। अब जिले के पुलिसकर्मी अपने जन्मदिन, शादी की सालगिरह और बच्चों के जन्मदिन पर अवकाश लेकर परिवार के साथ समय बिता सकेंगे।
एसपी ने सोमवार शाम पुलिस कर्मियों को पांच विशेष अवसरों पर स्वैच्छिक अवकाश देने के निर्देश जारी किए हैं। पुलिस लाइन में आयोजित कानून व्यवस्था समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को इस संबंध में दिशा-निर्देश दिए। नई व्यवस्था के तहत पुलिसकर्मी को उसके स्वयं के जन्मदिन, पति या पत्नी के जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ, पहले पुत्र या पुत्री के जन्मदिन तथा दूसरे पुत्र या पुत्री के जन्मदिन पर एक दिन का अवकाश दिया जाएगा।
पुलिस विभाग में इस घोषणा को लेकर खुशी है। पुलिसकर्मियों का कहना है कि लगातार व्यस्त रहने के कारण वे अक्सर परिवार के महत्वपूर्ण अवसरों में शामिल नहीं हो पाते। कई बार जन्मदिन और सालगिरह जैसे खास दिन भी ड्यूटी के बीच गुजर जाते हैं।
ऐसे में यह पहल पुलिसकर्मियों को मानसिक राहत देने के साथ परिवार से जुड़ाव मजबूत करने में मदद करेगी। एसपी ने समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस कर्मियों की समस्याएं भी सुनीं। ड्यूटी व्यवस्था, आवास, स्वास्थ्य सुविधाएं, भोजन और पारिवारिक दिक्कतों से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि बेहतर कार्य वातावरण मिलने से पुलिसकर्मी अधिक संवेदनशील और प्रभावी ढंग से अपनी जिम्मेदारियां निभा सकेंगे। इस दौरान एएसपी सुशील कुमार, सीओ सदर आंचल चौहान, सीओ सहावर शाहिदा नसरीन, सीओ पटियाली अमित कुमार समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



