नशे में धुत बाइक सवार ने मारी टक्कर, विरोध पर युवकों से की मारपीट

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर जिले के खखरेरू थाना क्षेत्र में एक गंभीर सड़क हादसे के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। चचीड़ा गांव निवासी शिवम सिंह पुत्र पवन कुमार और कामता प्रसाद पुत्र लालबाबू ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि 6 मई 2026 की रात लगभग 10 बजे वे दोनों अपने गांव से एक निमंत्रण में शामिल होने के लिए खखरेरू स्थित ग्रीन गार्डन जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बरैचा निवासी जुगेश सोनकर अपने एक अज्ञात साथी के साथ कथित रूप से शराब के नशे में लापरवाही से बाइक चलाते हुए उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और उन्हें चोटें आईं। पीड़ितों का आरोप है कि हादसे के बाद जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट भी की। घटना के बाद दोनों ने किसी तरह खुद को संभाला और मामले की शिकायत पुलिस से की।
इस संबंध में खखरेरू थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है, शिकायत मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



