फौजियों के कैरेक्टर पर उठाए सवाल, फिर मांगी माफी, हिमाचल की सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर इशिता की बढ़ी मुश्किलें

हिमाचल के सिरमौर जिले की रहने वाली सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर इशिता पुंडीर के खिलाफ पुलिस में शिकायतें देकर कार्रवाई की मांग की गई। फौजियों के खिलाफ की गई टिप्पणियों से नाराज होकर ये शिकातयतें दी गई हैं।
सिरमौर/हिमाचल प्रदेश। हिमाचल की सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर इशिता पुंडीर को फौजियों के कैरेक्टर पर सवाल उठाना भारी पड़ गया है। सोशल मीडिया यूजर उनपर जमकर भड़ास निकाल रहे हैं। वहीं उनके खिलाफ कई लोगों ने पुलिस ने शिकायत दर्ज कराई है। मामले के तूल पकड़ने पर इशिता ने एक वीडियो पोस्ट कर माफी भी मांगी है। इसके बावजूद उनके खिलाफ पुलिस को शिकायतें मिल रही है। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के राज्य महासचिव यदोपति ठाकुर ने भी इस मामले में एसपी सिरमौर से शिकायत की है। यदोपति ने एसपी सिरमौर को लिखित शिकायत देकर मांग की है कि इशिता पुंडीर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए और सोशल मीडिया से ऐसे कंटेंट को हटाया जाए ताकि गलत जानकारी का प्रसार रोका जा सके।
वहीं इस विवाद में पूर्व सैनिक संगठन ने भी कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने राजगढ़ थाना में इशिता पुंडीर के खिलाफ शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। मामले की जानकारी देते हुए राजगढ़ के डीएसपी विद्या चंद नेगी ने बताया कि पूर्व सैनिक संगठन राजगढ़ की ओर सेइशिता पुंडीर के खिलाफ सोशल मीडिया पर भारतीय सेना के जवानों को लेकर की गई विवादित टिप्पणी के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई है। इस पर पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
इशिता पुंडीर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो शेयर करते हुए कहा था कि एक फौजी बंदा अपने देश के लिए, अपनी धरती माता के लिए इतना वफादार होता कि उससे ज्यादा कोई और नहीं हो सकता। लेकिन एक फौजी बंदा कभी भी अपनी प्रेमिका और पत्नी के लिए वफादार नहीं रह सकता। मैंने ऐसे कई केस सुने हैं। इस बात को काफी लड़कियां मुझसे सहमत होगी। इशिता ने आगे यह भी कहा कि करीब 90 प्रतिशत फौजी अपनी पत्नी और गर्लफ्रेंड्स के प्रति वफादार नहीं होते और उनके कई अफेयर्स होते हैं। वो घर आते हैं तो चार-चार लड़कियां उनकी गर्लफ्रेंड होती हैं।




