बिहार के बेतिया में मिड डे मील खाने से कई बच्चे बीमार, उल्टी और पेट दर्द के बाद अस्पताल में भर्ती

बेतिया/बिहार। बेतिया से बड़ी खबर सामने आई है। यहां पर मिड डे मील खाने से दर्जनों बच्चों की तबीयत खराब हो गई। आनन-फानन में सभी बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारी हरकत में आए और मौके पर पहुंचे। पूरा मामला पश्चिम चंपारण जिले के बगहा-1 प्रखंड के बांसगांव परसौनी स्थित मध्य विद्यालय का है।
बताया जा रहा है कि मिड डे मील खाने के बाद उन्हें उल्टी-दस्त और पेट दर्द के साथ चक्कर आने लगे। एक साथ कई बच्चों के बीमार होने से स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी मिलते ही अभिभावक भी स्कूल पहुंच गए और बच्चों को लेकर बगहा अनुमंडल अस्पताल और रामनगर पीएचसी पहुंचे। बच्चों को बगहा अनुमंडल अस्पताल और रामनगर पीएचसी में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए कई बच्चों को जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया।
बताया जाता है कि स्कूल में बच्चों को मेनू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराया गया था। आरोप है कि जो भोजन बच्चों को दिया गया था, वह विषाक्त हो चुका था। ग्रामीणों का कहना है कि कि सरकारी स्कूल में एनजीओ की ओर से खाना उपलब्ध कराया गया था। खाना खाने के बाद बच्चे बीमार होने लगे। सूचना के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। फिलहाल कोई भी अधिकारी कुछ भी कहने से बच रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button