हेल-होल विवाद के बाद ट्रंप ने भारत को बताया महान देश, बोले- पीएम मोदी मेरे सबसे अच्छे दोस्त

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने ‘हेल-होल’ विवाद के बाद भारत और पीएम मोदी की तारीफ की है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को अपना ‘बहुत अच्छा दोस्त’ बताया है।
अंतर्राष्ट्रीय डेस्क। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने हेल-होल विवाद के बाद आज गुरुवार को भारत की तारीफ की है। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि भारत का नेतृत्व एक ‘बहुत अच्छा दोस्त’ कर रहा है। नई दिल्ली में अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता क्रिस्टोफर एल्म्स ने बताया कि रिपब्लिकन नेता ने भारत के बारे में बहुत अच्छी बातें कहीं, उसे एक महान देश बताया और कहा कि भारत के नेता के साथ उनकी निजी दोस्ती है। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, ‘भारत एक महान देश है, जिसके शीर्ष पर मेरा एक बहुत अच्छा दोस्त है।’ ट्रंप का ये बयान हेल-होल विवाद के बाद आया है। एक दिन पहले ट्रंप ने अमेरिकी राजनीतिक टिप्पणीकार और रेडियो होस्ट माइकल सैवेज के पॉडकास्ट से एक नस्लवादी टिप्पणी को रीपोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने भारत, चीन और दूसरे देशों को नरक के गड्ढे (हेल-होल) कहा था।
एमईए के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस विवाद पर जवाब देते हुए कहा, ‘हमने कुछ रिपोर्ट्स देखी हैं। मैं बस इतना ही कहूंगा।’
अमेरिका के जन्मसिद्ध नागरिकता कानून में बदलाव की मांग करते हुए अपने नस्लवादी बयान में, सैवेज ने आरोप लगाया कि दो एशियाई देशों के लोग अमेरिका में ‘नौवें महीने में बच्चा पैदा करने’ आते हैं और यह कानून उन्हें तुरंत अमेरिकी नागरिक बना देता है।
सैवेज ने लिखा, ‘इन लोगों ने इस देश को उन सभी माफिया परिवारों से भी ज्यादा नुकसान पहुंचाया है, जितने भी आज तक हुए हैं। मेरी राय में, लैपटॉप वाले गुंडे। इन्होंने हमें पूरी तरह लूट लिया है, हमारे साथ दूसरे दर्जे के नागरिकों जैसा बर्ताव किया है, तीसरी दुनिया को हावी होने दिया है, हमारे झंडे का अपमान किया है।’ ट्रंप ने सैवेज के पॉडकास्ट ‘सैवेज नेशन’ की ट्रांसक्रिप्ट और वीडियो को शेयर किया, जिसमें उन्होंने जन्मसिद्ध नागरिकता पर अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के तर्कों की कड़ी आलोचना की थी।




