कुत्ते की तरह दिया जाता था खाना,नशे में होने के कारण कर दी पत्नी की हत्या

मुजफ्फरनगर के सिम्भालकी गांव में पत्नी की हत्या के आरोपी पति पूरण सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने पौधे लगाने वाली ड्रिल मशीन से पत्नी की हत्या की थी।

मुजफ्फरनगर/उत्तर प्रदेश। गांव सिम्भालकी में मामूली कहासुनी के चलते पत्नी की पौधे लगाने वाली ड्रिल मशीन (बर्मा) से हत्या करने के फरार आरोपित पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने बताया कि उसकी पत्नी व बच्चे उसके साथ दुर्व्यवहार व मारपीट करते थे, पत्नी उसके साथ बातचीत भी नहीं करती थी। खाना भी उसे कुत्ते की तरह दिया जाता था। शराब के नशे में होने के कारण उससे गलती हो गई, जिसका उसे जीवन भर पछतावा रहेगा।
थानाध्यक्ष मोहित सहरावत ने बताया कि क्षेत्र के गांव सिम्भालकी निवासी पूरण सिंह पुत्र स्वर्गीय जयपाल सिंह ने शनिवार देर रात में शराब के नशे में धुत होकर मामूली कहासुनी के चलते पौधे लगाने वाली ड्रिल मशीन (बर्मा) से हमला करके अपनी 45 वर्षीय पत्नी सविता की हत्या कर दी थी और वहां से फरार हो गया था।
घटना के समय घर पर दोनों पति पत्नी के अलावा उसकी बुजुर्ग मां थी। उसके दोनों पुत्र दीपान्शु व अभिषेक भी घर से बाहर थे। पुलिस को सविता का लहूलुहान अवस्था में शव मिला था। मृतका के भाई ने आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। रविवार को स्वजन ने महिला का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस फरार आरोपित की तलाश में लगी हुई थी।
रविवार देर रात में पुलिस ने उसे खामपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने आला कत्ल भी बरामद कर लिया है। आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह होमगार्ड का जवान था, छह वर्ष पूर्व उसकी नौकरी छूट गई थी। तभी से वह खेती कर रहा था। पिछले पांच वर्षो से पत्नी व बच्चे उसका उत्पीड़न करते थे, उसके साथ मारपीट भी करते थे। पत्नी पांच वर्षो से उसके साथ बातचीत भी नहीं करती थी, खाना भी उसे कुत्ते की तरह दिया जाता था।
शनिवार को शराब के नशे में होने के कारण उसने पत्नी सविता की हत्या कर दी, जिसका उसे जीवन भर पछतावा रहेगा। पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button