अलंकृता महिला समिति ने भीषण गर्मी में राहगीरों को दी राहत, आमाडांड खदान के पास निःशुल्क प्याऊ का किया शुभारंभ
सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने की मिसाल बनी महिला समिति

सुमिता शर्मा,अनूपपुर/मध्य प्रदेश। श्रद्धा महिला मंडल से प्रेरित होकर जमुना कोतमा क्षेत्र की अलंकृता महिला समिति ने सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए आमाडांड खदान के पास निःशुल्क सार्वजनिक प्याऊ का उद्घाटन किया। 9 अप्रैल को आयोजित इस कार्यक्रम में समिति की अध्यक्षा श्रीमती किशोरी त्रिपाठी ने लाल फीता काटकर प्याऊ का शुभारंभ किया।
उद्घाटन अवसर पर ग्रामवासियों और राहगीरों को तरबूज, केला, अंगूर, संतरा, खरबूजा, छाछ, लस्सी, गुड़, चना, मूंगदाल, मूँगफली और मिठाई वितरित की गई। समिति की अध्यक्षा ने कहा कि ग्रीष्म ऋतु में बढ़ते तापमान से डिहाइड्रेशन और लू जैसी समस्याओं का खतरा रहता है, ऐसे में शीतल एवं स्वच्छ जल की उपलब्धता सुनिश्चित करना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।
इस कल्याणकारी कार्य में समिति की सदस्याएं श्रीमती रुना रंजन, मृगनैनी सिंह, प्राची सिंह, अंजू दयाल, पुष्पा खन्ना, सुमित्रा प्रसाद, सोनाली दास, उषा प्रसाद, मीना गोपाल त्रिपाठी, सुशीला खातरकर, सविता गर्ग और निखत सिद्दीकी ने सहयोग किया।
ग्रामवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में राहगीरों और स्थानीय नागरिकों के लिए यह प्याऊ राहत का बड़ा साधन साबित होगा। अलंकृता महिला समिति ने ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि आगे भी ऐसे सामाजिक कार्यों को निरंतर जारी रखा जाएगा। यह आयोजन न केवल सेवा और सहयोग की मिसाल बना बल्कि समाज में महिला समितियों की सक्रिय भूमिका को भी उजागर करता है।





