बदायूं में किन्नरों को नंगा करके पीटा, सिर मुंडवाया, पेशाब पिलाकर कुत्तों के पिंजड़े में छोड़ दिया

बदायूं/उत्तर प्रदेश। बदायूं जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। गुटबाजी की रंजिश में किन्नरों के गुट ने दूसरे गुट के दो किन्नरों का अपहरण कर उनके साथ बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं। निर्वस्त्र कर बेहरमी से पिटाई की। सिर मुंडवाया और जबरन पेशाब पिलाया। इसके बाद भी जी नहीं भरा तो अंत में कुत्तों के पिंजड़े में बंद कर दिया। इस पूरी वारदात के वायरल वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है।
दरअसल, पूरा घटनाक्रम बदायूं जिले के अलापुर थाना क्षेत्र के कस्बे का बताया जा रहा है। आरोप है कि शनिवार सुबह किन्नर किरन अपने साथी के साथ बधाई मांग रही थी, तभी दो गाडियों में सवार दूसरे गुट के लोग दोनों को जबरन उठाकर ले गए। आरोप है कि रास्ते भर जमकर मारपीट की गई और फिर एक सुनसान मकान में ले जाकर उन्हें नग्न कर बेहरमी से पीटा गया। हमलावरों ने उनके सिर मुंडवाए और अपमानजनक हरकत करते हुए पेशाब पिलाई। इतना ही नहीं आरोप है कि दोनों को नग्न हालत में कुत्तों के पिंजड़े में भी बंद कर दिया गया। इस अमानवीय कृत्य ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।
पुलिस ने दावा किया है कि दोनों पीड़ितों को बरामद कर लिया गया है और एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। आरोपी के शांतिभंग में चालान किए जाने से पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी अब तक नहीं हो सकी है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई है और अब आगे कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दे रही है। पीड़ितों ने अपने जख्म दिखाते हुए आपबीती सुनाई है, जो इस क्रूरता की भयावह सच्चाई बयां कर रही है।




