न्यूयॉर्क टाइम्स में दिल्ली शिक्षा मॉडल पर आलेख को लेकर मचा घमासान

नयी दिल्ली। न्यूयॉर्क टाइम्स में दिल्ली सरकार के शिक्षा मॉडल की प्रशंसा वाली खबर को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी पर जमकर हमला बोला। इसके साथ ही भाजपा ने शिक्षा मॉडल पर उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की तस्वीर के साथ छपे आलेख को पेड बताया। इसी बीच न्यूयॉर्क टाइम्स का बयान सामने आया। जिसमें अमेरिकी अखबार ने पेड न्यूज के आरोपों का खंडन किया।

न्यूयॉर्क टाइम्स ने कहा कि दिल्ली के शिक्षा मॉडल वाला आलेख स्वतंत्र, निष्पक्ष और ग्राउंड रिपोर्टिंग पर आधारित है। अंग्रेजी समाचार वेबसाइट ‘इंडिया टुडे’ की रिपोर्ट के मुताबिक, न्यूयॉर्क टाइम्स ने बताया कि दिल्ली की शिक्षा प्रणाली में सुधार के प्रयासों के बारे में हमारी रिपोर्ट निष्पक्ष, ग्राउंड रिपोर्टिंग पर आधारित है और शिक्षा एक ऐसा मुद्दा है जिसे न्यूयॉर्क टाइम्स ने कई सालों से कवर किया है। न्यूयॉर्क टाइम्स ने बताया कि हमने हमेशा स्वतंत्र और मुक्त पत्रकारिता की है। अन्य समाचार आउटलेट नियमित रूप से हमारे कवरेज को लाइसेंस और पुनर्प्रकाशित करते हैं।

अमेरिकी अखबार में दिल्ली के शिक्षा मॉडल पर छपे आलेख को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि न्यूयार्क टाइम्स में खबर प्रकाशित करना बहुत मुश्किल है जो कि विश्व के सबसे शक्तिशाली देश का सबसे बड़ा अखबार है। हालांकि, उन्होंने फौरन अपनी टिप्पणी में सुधार किया और कहा कि किसी खबर का न्यूयार्क टाइम्स में प्रकाशित होना बहुत कठिन होता है। विश्व में हर देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री न्यूयॉर्क टाइम्स के पहले पन्ने पर अपना नाम और तस्वीर आने के लिए बेकरार रहते हैं।

अरविंद केजरीवाल की टिप्पणी को लेकर भाजपा सांसदों ने आरोप लगाया कि न्यूयॉर्क टाइम्स में आलेख पेड (पैसे देकर प्रकाशित कराया गया) रहा होगा, लेकिन आम आदमी पार्टी ने पलटवार करते हुए इसे बेतुका दावा करार दिया। उत्तर-पूर्वी दिल्ली से भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने ट्वीट किया कि लो जी यहां भी पकड़े गये…न्यूयार्क टाइम्स और ख़लीज़ टाइम्स में एक समान शब्द और एक ही व्यक्ति के लिखे हुए हैं… बेशर्म आप दिल्ली की जनता का पैसा बर्बाद कर रही है अपनी तस्वीर छपवाने के लिए वह पैसा भी दे रही।

वहीं, आम आदमी पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर न्यूयॉर्क टाइम्स के दो आलेखों को एक साथ दर्शाया है। जिसमें दिल्ली का शिक्षा मॉडल और कोरोना महामारी में जान गंवाने लोगों को  दी गई मुखाग्नी की तस्वीर है। इस ट्वीट में आम आदमी पार्टी ने लिखा कि केजरीवाल मॉडल देश का सम्मान बढ़ा रहा, मोदी मॉडल देश को शर्मिंदा कर रहा है।

नोट:कोरोना वायरस से भारत की लड़ाई में हम पूर्ण रूप से सहभागी हैं। इस कठिन समय में अपनी जिम्मेदारी का पूर्णतः पालन करते हुए हमारा हरसंभव प्रयास है कि तथ्यों पर आधारित खबरें ही प्रकाशित हों। हम स्व-अनुशासन में भी हैं और सरकार की ओर से जारी सभी नियमों का पालन भी हमारी पहली प्राथमिकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button