‘हाथ काटने पर 11 लाख का इनाम’, अंबेडकर प्रतिमा मामले पर भड़काऊ बयान देने वाला हसीन यासीन पर कसा शिकंजा

मेरठ/उत्तर प्रदेश। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने पर भड़काऊ बयान देने वाले बीजेपी नेता हसीन यासीन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला मेरठ में सरधना के इंचौली इलाके में पड़ने वाले भगवानपुर गांव का है, जहां सोमवार देर रात कुछ शरारती तत्वों ने अंबेडकर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया था। इसी घटना को लेकर हसीन यासीन ने भड़काऊ बयान देते हुए, प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वाले का हाथ काटने पर इनाम देने का ऐलान किया था।
हसीन यासीन मेरठ में कारोबारी हैं और खुद को बीजेपी का नेता बताते हैं। बुधवार को हसीन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें उन्होंने एक भड़काऊ बयान दिया। हसीन यासीन ने कहा, ‘भगवानपुर गांव में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा तोड़ी गई है। जो भी व्यक्ति प्रतिमा तोड़ने वाले का हाथ कलम करेगा, उसे मैं 11 लाख रुपये का इनाम दूंगा। चाहे वो किसी भी धर्म का हो या किसी भी जाति का, लेकिन ऐसे व्यक्ति को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।’
हसीन यासीन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मेरठ पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि हसीन यासीन को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, हसीन ने अपने बयान पर माफी मांगी है, लेकिन एसएसपी का कहना है कि उनके खिलाफ कानूनी एक्शन लिया जाएगा। आपका बता दें कि इससे पहले मेरठ में एआईएमआईएम नेता शौकत अली का भड़काऊ बयान भी सामने आया था।
वहीं, इस संबंध में मेरठ बीजेपी के जिलाध्यक्ष हरवीर सिंह ने बताया कि हसीन यासीन पार्टी का नेता नहीं है। उन्होंने कहा कि ना ही हसीन के पास बीजेपी में कोई पद है और ना ही वह पार्टी के कार्यकर्ता हैं। आपको बता दें कि सोमवार की रात भगवानपुर गांव में जैसे ही अंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की खबर फैली, लोग विरोध में उतर आए। घटना की सूचना पाकर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने आश्वासन दिया कि नई प्रतिमा लगाने के साथ ही घटना के दोषी लोगों की पहचान कर, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद मामला शांत हुआ।




