ज्योति नगर थाने के हेड कांस्टेबल की जिम में वर्कआउट के दौरान हुई मौत

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। दिल्ली के ज्योति नगर इलाके में मंगलवार सुबह जिम में एक्सरसाइज कर रहे दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सुभाष बालियान के रूप में हुई है। मामले की सूचना मिलने के बाद ज्योति नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक सुभाष बालियान शाहदरा के बलबीर नगर में अपने परिवार के साथ रहते थे। वह वर्ष 2010 में बतौर हेड कांस्टेबल दिल्ली पुलिस में भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती ज्योति नगर थाने में थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 7:24 बजे ज्योति नगर थाने में पीसीआर से सूचना मिली कि शिव मंदिर के पास स्थित क्रॉस फिट जिम में एक युवक को वर्कआउट के दौरान अटैक आया है और वह बेसुध हो गया है।
सूचना मिलते ही बीट अधिकारी को बताया गया और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जहां पता चला कि जिम में मौजूद लोग उन्हें निजी वाहन से तुरंत गुरु तेग बहादुर अस्पताल में लेकर गए थे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम के बाद उनका शव उनके भतीजे आकाश तोमर को सौंप दिया गया, जो उनका अंतिम संस्कार करने के लिए पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव हरौली, तहसील बुधाना, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश ले गए। प्राथमिक तौर पर मौत की वजह हार्ट अटैक मानी जा रही है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।
इसी महीने की 14 तारीख को सुभाष ने एक वर्कआउट वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया था, जिसके साथ उन्होंने लिखा था, ‘सारे शौक खत्म कर दिए हैं मैंने, बस एक जिम ही है, जहां बड़े शौक से जाते हैं’, और अपने जिंदा बचे इसी शौक को पूरा करने के दौरान 9 दिन बाद सुभाष की अचानक मौत हो गई।





