सुष्मिता सेन के करकमलों से अध्यक्षा शशि दुहन ने ग्रहण किया सम्मान, 2006 से कोयलांचल में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का अभियान

सुमिता शर्मा,अनूपपुर/मध्य प्रदेश। महिला सशक्तिकरण और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही श्रद्धा महिला मंडल को प्रतिष्ठित आईबीसी24 ‘शक्ति सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान सुप्रसिद्ध अभिनेत्री, पूर्व मिस यूनिवर्स एवं समाजसेविका सुष्मिता सेन के करकमलों से प्रदान किया गया। सम्मान समारोह में श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा एवं एसईसीएल परिवार की प्रथम महिला श्रीमती शशि दुहन ने यह सम्मान ग्रहण किया।
साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) परिवार की महिलाओं द्वारा संचालित श्रद्धा महिला मंडल वर्ष 2006 से कोयलांचल क्षेत्र में सामाजिक सरोकारों के साथ सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। संस्था का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, समाज के वंचित वर्गों को सहयोग प्रदान करना तथा सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना है।
श्रद्धा महिला मंडल द्वारा महिलाओं के कौशल विकास के लिए सिलाई, कंप्यूटर तथा अन्य रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से संचालित किए जा रहे हैं। इन प्रशिक्षणों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिल रहा है। साथ ही आजीविका के साधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सिलाई मशीन, हाथ ठेले, राइस मिल और ई-रिक्शा जैसे संसाधनों का भी वितरण किया जाता है, जिससे लाभार्थियों को स्थायी आय का स्रोत मिल सके।
संस्था शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को छात्रवृत्ति, स्कूल किट और साइकिल उपलब्ध कराकर उनकी शिक्षा को निरंतर बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं स्वास्थ्य के क्षेत्र में जरूरतमंद लोगों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जागरूकता शिविर भी आयोजित किए जाते हैं।
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए श्रद्धा महिला मंडल द्वारा वृक्षारोपण अभियान और स्वच्छता कार्यक्रम भी नियमित रूप से चलाए जाते हैं, जिससे क्षेत्र में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़े। इस अवसर पर श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन ने कहा कि यह सम्मान मंडल के सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयासों और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि श्रद्धा महिला मंडल भविष्य में भी महिलाओं और जरूरतमंद वर्गों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
लगातार सामाजिक सेवा, संवेदनशीलता और संगठित प्रयासों के माध्यम से श्रद्धा महिला मंडल ने यह सिद्ध किया है कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे इन प्रयासों के लिए मिला ‘शक्ति सम्मान-2026’ संस्था के लिए गर्व और प्रेरणा का प्रतीक माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button