राज्यमंत्री ने प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर प्रेस प्रतिनिधियों से की वार्ता

सचिन पाण्डेय,कौशाम्बी/उत्तर प्रदेश। प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मां शीतला देवी अतिथि गृह, सयारा में आयोजित प्रेस वार्ता में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात, उ.प्र. दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि इन वर्षों में उत्तर प्रदेश ने अभूतपूर्व विकास की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था सुदृढ़ हुई है, अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति लागू है और अपराध नियंत्रण में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
राज्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से अब तक प्रदेश में एक भी सांप्रदायिक दंगा या जातिगत संघर्ष नहीं हुआ। 267 अपराधी मुठभेड़ में मारे गए और 10,990 घायल हुए। 22,306 इनामी अपराधियों को जेल भेजा गया। गैंगस्टर अधिनियम के तहत ₹14,580 करोड़ से अधिक की अवैध संपत्तियों का जब्तीकरण किया गया। महिला एवं बाल अपराधों के निस्तारण में उत्तर प्रदेश देश में प्रथम रहा।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 134 नए थाने, 86 नई पुलिस चौकियां, 73 साइबर क्राइम थाने और 6 नारकोटिक्स थानों की स्थापना की गई। यूपी-112 का रिस्पांस टाइम घटाकर 6 मिनट 41 सेकेंड किया गया। मिशन शक्ति केंद्रों की स्थापना कर 40,000 पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। 44,000 से अधिक महिलाएं पुलिस बल का हिस्सा बनीं।
पर्यटन और धार्मिक विकास की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि अयोध्या दीपोत्सव में 26 लाख दीप जलाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया गया। काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण ने प्रदेश को वैश्विक धार्मिक पर्यटन का केंद्र बनाया। वर्ष 2025 में 1 अरब 56 करोड़ से अधिक पर्यटक उत्तर प्रदेश आए। निवेश और रोजगार के क्षेत्र में उन्होंने बताया कि प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनसे 1.10 करोड़ रोजगार अवसर सृजित होंगे। अब तक 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतारे गए और लगभग 60 लाख रोजगार अवसर बने।
जनपद कौशाम्बी में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 303.63 करोड़ रुपये की लागत से राज्य चिकित्सा महाविद्यालय का निर्माण, 2298.39 करोड़ रुपये की लागत से रामवन गमन मार्ग का निर्माण, 464.97 करोड़ रुपये की लागत से प्रयागराज एयरपोर्ट से कौशाम्बी पर्यटन स्थल को जोड़ने का कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा पेयजल आपूर्ति परियोजनाएं, ट्रॉमा सेंटर, मिनी स्टेडियम, महाविद्यालय, अग्निशमन केंद्र, संपर्क मार्ग और बौद्ध थीम पार्क का निर्माण कार्य भी जारी है।
उन्होंने कहा कि जनपद में जल जीवन मिशन के तहत 626 ग्रामों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 275 योजनाएं स्वीकृत हैं। दिव्यांग पेंशन योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना और आवास योजनाओं से हजारों लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया है। राज्यमंत्री ने कहा कि विगत नौ वर्षों में प्रदेश और कौशाम्बी दोनों का सर्वांगीण विकास हुआ है और सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।




