उत्तर पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी में एमसीडी ने हटाया अतिक्रमण, जाम से मिली राहत

उत्तर पूर्वी दिल्ली। नंद नगरी इलाके में बृहस्पतिवार को निगम को बुलडोजर चला। निगम ने दुकानों के बाहर किए गए स्थायी व अस्थायी अतिक्रमण को बुलडोजर से तोड़ा।
स्थानीय लोगों के विरोध को देखते हुए यहां पर दिल्ली पुलिस के साथ ही अर्धसैनिक बल के जवान तैनात थे। निगम ने अतिक्रमण को हटाने के साथ ही सामान भी जब्त किया। पिछले 20 दिनों में निगम ने यहां पर बुलडोजर से दूसरी बार कार्रवाई की है।
निगम उपायुक्त अभिषेक मिश्रा ने बताया कि शनि बाजार रोड पर कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। दुकानदारों ने दुकानों के बाहर स्थायी अतिक्रमण कर लिया था।
दुकानों के ऊपर टीन शेड लगाए हुए थे। अतिक्रमण की वजह से लोगों को जाम का सामना करना पड़ रहा था। बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया। अतिक्रमण करने वालों को चेताया गया है कि अगर दोबारा से अतिक्रमण किया तो सख्त कार्रवाई होगी। इसके साथ ही भजनपुरा वार्ड में पांच जींस रंगाई की फैक्ट्रियां सील की गई हैं।




