गाजियाबाद में मेयर के लिए 4 और पार्षद पद पर 332 ने कराया नामांकन

गाजियाबाद। नगर निकाय चुनाव के नामांकन के लिए सोमवार को अंतिम दिन है। रविवार को मेयर पद के लिए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की सविता यादव ने नामांकन किया। मेयर पद के लिए अब तक कुल चार प्रत्याशी मैदान में आए गए हैं। आम आदमी पार्टी की जानकी बिष्ट, निर्दलीय प्रत्याशी नीरज प्रकाश चौधरी, सुभाषवादी पार्टी की प्रिया गुप्ता मेयर पद के लिए पहले ही नामांकन कर चुकी हैं। विभिन्न वार्डों के पार्षद पद के लिए रविवार को 165 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। निगम के सभी वार्डों पर पार्षद पद के लिए 332 प्रत्याशी नामांकन कर चुनाव मैदान में आ गए हैं।

नगर निगम, चार नगर पालिका व चार नगर पंचायत के विभिन्न पदों के लिए रविवार को कुल 436 प्रत्याशियों ने नामांकन किया।एडीएम वित्त एवं राजस्व विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि नामांकन के सात दिन में मेयर व 100 वार्डों के पार्षद पद के लिए 1308 नामांकन फार्म बिक चुके हैं। इसमें 39 फार्म मेयर पद के लिए बिके हैं। रविवार को लोनी नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए दो, खोड़ा नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए पांच, माेदीनगर नगर पालिक अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशियों ने नामांकन किया।

मुरादनगर नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए सातवें दिन किसी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया। नगर पंचायत फरीदनगर अध्यक्ष पद के लिए छह, निवाड़ी में पांच, पतला में चार व डासना में पांच प्रत्याशियों ने नामांकन किया। लोनी नगर पालिका में सभासद पद के लिए सातवें दिन 98, खोड़ा नगर पालिका में सभासद पद के लिए 24, मोदीनगर नगर पालिका में सभासद पद के लिए 41 और मुरादनगर में 25 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। सभासद पद के लिए उपरोक्त आवेदन अलग-अलग वार्डों पर आए हैं। नगर पंचायत फरीदनगर में सभासद पद के लिए आठ, निवाड़ी में 14, पतला में चार और डासना में 26 प्रत्याशियों ने नामांकन किया।

निकाय चुनाव में जीत हासिल करने के लिए आम आदमी पार्टी जोर-शोर से चुनाव की तैयारियों में जुटी है। कांग्रेस के कई नेताओं ने आम आदमी पार्टी का दामन थामा है। आप से मेयर पद की प्रत्याशी जानकी बिष्ट भी पूर्व कांग्रेसी नेता की पत्नी हैं। आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष डा. सचिन शर्मा ने बताया कि मेयर समेत तीन नगर पालिका अध्यक्ष व दो नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिए गए है। नगर निगम के 100 वार्डों में से 68 वार्डों पर भी प्रत्याशी घोषित किए जा चुके हैं।

आप के जिला मीडिया प्रभारी अधिवक्ता मनोज त्यागी ने बताया कि लोनी नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए आप की प्रत्याशी अनीता कसाना हैं जबकि दो नगर पालिका खोड़ा में सीमा मावी, मुरादनगर से शालू त्यागी को प्रत्याशी बनाया गया है। डासना नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए शहनाज सैफी व पतला नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए परमीत देवी को प्रत्याशी बनाया है। चार नगर पालिका व चार नगर पंचायत के वार्डों में सभासद पद के लिए काफी प्रत्याशी घोषित किए जा चुके हैं।

मोदीनगर से बसपा प्रत्याशी जगमोहन सिंह ने भी रविवार को नामांकन किया। उनके साथ प्रस्तावक डा. पूनम गर्ग रहीं। वहीं, फरीदनगर अध्यक्ष पद के लिए छह, निवाड़ी से पांच और पतला से 4 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। उधर, निवाड़ी नगर पंचायत से अध्यक्ष पद पर समाजवादी पार्टी ने अपना प्रत्याशी रविवार को बदल दिया। पहले वीरेंद्र को प्रत्याशी बनाया गया था, लेकिन उनके स्थान पर अनिल त्यागी को टिकट दिया गया है। रविवार को भीड़ अधिक देखते हुए नामांकन केंद्र पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया व चेकिंग की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button