सहारनपुर में जली कार में मिला अधजला शव, जांच में जुटी पुलिस

सहारनपुर/उत्तर प्रदेश। सहारनपुर से दर्दनाक घटना सामने आई है। गागलहेड़ी क्षेत्र के चौराखुर्द गांव के पास बुधवार सुबह सड़क किनारे खड़ी जली हुई ऑल्टो कार के अंदर एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। प्रारंभिक स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि पहले व्यक्ति की हत्या की गई और बाद में शव को कार में रखकर आग के हवाले कर दिया गया, ताकि पहचान और साक्ष्य मिटाए जा सकें।
गागलहेड़ी क्षेत्र के चौराखुर्द गांव की काली नदी पुलिस चौकी के समीप चांदपुर मार्ग पर सुबह खेतों की ओर जा रहे किसानों की नजर सड़क किनारे खड़ी जली कार पर पड़ी। वाहन संदिग्ध हालत में देख वे पास पहुंचे तो चालक सीट पर एक व्यक्ति का बुरी तरह जला शव दिखाई दिया। यह मंजर देखते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एसएसपी अभिनंदन सिंह, एसपी सिटी व्योम बिंदल और सीओ सदर मुनीश चंद्र ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए।
पुलिस को मौके से कुछ दूरी पर दो चप्पलें अलग-अलग स्थानों पर मिली हैं, एक सड़क किनारे और दूसरी पास के खेत में। इस तथ्य ने घटना को और संदिग्ध बना दिया है। पुलिस मान रही है कि वारदात से पहले मृतक के साथ हाथापाई या संघर्ष की स्थिति बनी हो सकती है। हालांकि अभी तक न तो शव की शिनाख्त हो सकी है और न ही वाहन से कोई ठोस सुराग मिला है।
फोरेंसिक टीम ने कार और आसपास के क्षेत्र से नमूने एकत्र किए हैं। साथ ही गुमशुदगी की रिपोर्टों का भी मिलान कराया जा रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिससे मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सके। मौके पर मौजूद अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। हालात संदिग्ध और किसी बड़ी साजिश का इशारा कर रहे हैं।




