हल्द्वानी में फर्जी एसबीआई योनो ऐप से दो लाख की साइबर ठगी, युवक ने गंवाए पैसे

हल्द्वानी/उत्तराखंड। फर्जी लिंक से भारतीय स्टेट बैंक की योनो एप डाउनलोड करने के नाम पर साइबर ठगों ने हल्द्वानी निवासी युवक से करीब दो लाख रुपये की आनलाइन ठगी कर ली। मामले में पीड़ित ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कुमाऊं रेंज में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
हल्द्वानी के कमलुवागांजा साईपुरम निवासी पीड़ित गौरव ने पुलिस से कहा कि उनका खाता एसबीआई शाखा कुसुमखेड़ा में है। कुछ दिन पहले उन्होंने प्ले स्टोर से एसबीआई की योनो एप डाउनलोड करने की कोशिश की, जो सफल नहीं हो सकी। इसके अगले दिन ही उनके मोबाइल नंबर पर एक संदिग्ध लिंक भेजा गया। लिंक खोलते ही वह एक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ गया। ग्रुप में कई अज्ञात मोबाइल नंबर जुड़े थे।
ग्रुप में साझा किए गए लिंक पर क्लिक करने पर उसे प्ले स्टोर जैसी दिखने वाली फर्जी योनो एप पर ले जाया गया, जहां अपडेट के नाम पर उससे निजी बैंकिंग जानकारी भरवाई गई।जानकारी भरते ही उसके मोबाइल पर एसबीआई योनो से संबंधित ओटीपी आने लगे और उसी दिन खाते से 50 हजार रुपये ट्रांसफर हो गए। इसके बाद 42575.87 रुपये, 89710.77 रुपये सहित कुल 187286.64 रुपये इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से अज्ञात खातों में भेज दिए गए।
पीड़ित ने कहा कि साइबर अपराधियों ने फर्जी लिंक और हूबहू एप बनाकर उनका डेटा हासिल किया और इंटरनेट बैंकिंग सक्रिय कर रकम पार कर दी। पुलिस से निवेदन किया कि संबंधित मोबाइल नंबरों की जांच कर आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करें।पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




