रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार पूर्व सीबीआई इंस्पेक्टर का एक्सीलेंस अवार्ड रद, वापस लिया गया पदक
Excellence award of former CBI inspector arrested on bribery charges cancelled, medal withdrawn

नई दिल्ली/एजेंसी। केंद्र सरकार ने केंद्रीय जांच ब्यूरो के पूर्व इंस्पेक्टर राहुल राज को रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार किया है। इसके बाद राहुल राज का जांच में उत्कृष्टता के लिए दिया जाने वाला पुरस्कार रद्द कर दिया है। प्रतिष्ठित पदक जब्त करने का फैसला राज पर मध्य प्रदेश में नर्सिंग कॉलेजों की निरीक्षण रिपोर्ट में हेरफेर करने के बदले रिश्वत लेने का आरोप लगने के बाद आया है। जांच में उत्कृष्टता के लिए केंद्रीय गृह मंत्री का पदक 2023 में राज को प्रदान किया गया था। यह प्रतिष्ठित सम्मान राज और 14 अन्य सीबीआई अधिकारियों को जांच कार्य में उनके असाधारण योगदान के लिए प्रदान किया गया था।
मई 2024 में, राज को मध्य प्रदेश के इंदौर में मलय कॉलेज ऑफ नर्सिंग के अध्यक्ष अनिल भास्करन से 10 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में सीबीआई की आंतरिक सतर्कता इकाई द्वारा गिरफ्तार किया गया था। कथित तौर पर मध्य प्रदेश के नर्सिंग काउंसिल से संबद्ध नर्सिंग कॉलेजों को निरीक्षण रिपोर्ट प्रदान करने के बदले में रिश्वत मांगी गई थी। इससे पहले केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने इंस्पेक्टर राहुल राज की सेवाएं समाप्त कर दी थी। राहुल राज को मध्य प्रदेश के नर्सिंग कॉलेजों में अनियमितताओं की जांच के दौरान कथित तौर पर 10 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया था। 18 मई को इंस्पेक्टर राहुल राज को अनिल भास्करन और उनकी पत्नी सुमा अनिल से 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया था। रिश्वतखोरी के आरोपों की आगे की जांच जारी है और सीबीआई ईमानदारी बनाए रखने के लिए कड़े कदम उठा रही है।




