मां के इलाज के लिए सांसद से लिखवाया पत्र, खटखटाया जेपी नड्डा का दरवाजा लेकिन नहीं मिला उपचार

गाजियाबाद ब्यूरो। बीमार मां के उपचार के लिए मदद मांगने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर पहुंचे भाजपा नेता को मायूसी का सामना करना पड़ा। उन्होंने अपना दुख एक्स पर पोस्ट कर बयां किया है।
प्रताप विहार में ओबीसी मोर्चा के महानगर महामंत्री इंदर प्रजापति रहते हैं। उनकी मां ओमवती बीमार हैं। उन्होंने बीमार मां के उपचार के लिए सांसद अतुल गर्ग से मदद मांगी। अतुल गर्ग ने एक पत्र दिल्ली स्थित जीबी पंथ अस्पताल को तो दूसरा पत्र भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्र सरकार में स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के नाम लिखकर इंदर प्रजापति की मां के उपचार में मदद का अनुरोध किया।
नड्डा का पत्र दिखाने पर भी नहीं मिली मदद
इंदर प्रजापति जब पत्र लेकर जेपी नड्डा के आवास पर पहुंचे तो वहां पर उनको मदद नहीं मिली, उनको जेपी नड्डा से मिलने नहीं दिया गया। एक पत्र देकर अस्पताल भेज दिया गया। जब वह अस्पताल पहुंचे और सांसद व जेपी नड्डा के घर मे कर्मचारियों द्वारा दिया गया पत्र दिखाया तो भी मदद नहीं मिली। तीन घंटे तक उनकी मां एंबुलेंस में ही रहीं। जब उनको कहीं से मदद नहीं मिली तो उन्होंने अपनी मां को फरीदाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया।
इसके बाद अपना दर्द उन्होंने एक्स पर जेपी नड्डा को टैग करते हुए लिखा कि कार्यकर्ता तो पार्टी के लिए समर्पित हैं, लेकिन आप कार्यकर्ता के लिए नहीं। जिसे लोगों ने खूब प्रसारित किया और कमेंट्स किए। मामला तूल पकड़ा तो इंदर के पास जेपी नड्डा के ऑफिस से शुक्रवार को फोन आया और उनकी मदद करने की बात कही। मां को उपचार के लिए दिल्ली लाने के लिए कहा तो उन्होंने कहा की मां की शनिवार को बाइपास सर्जरी होनी है, अब उनको नहीं ला सकते। तब उनको फरीदाबाद के अस्पताल की जानकारी लेकर हरसंभव मदद का भरोसा दिया गया है।




