कराची में सिलेंडर ब्लास्ट के बाद ढही तीन मंजिला इमारत, 16 लोगों की मौत

कराची/एजेंसी। बुधवार को कराची के सोल्जर बाजार इलाके में बड़ा हादसा हो गया। यहां एक रिहायशी बिल्डिंग में सिलेंडर ब्लास्ट की वजह तीन मंजिला ईमारत ढह गई। जिसमें महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और 14 घायल हो गए। घायलों को सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। पाकिस्तानी न्यूज वेबसाइट डॉन के मुताबिक, एएसपी जमशेद अशर ने बताया कि घटना सुबह करीब 4:15 बजे सेहरी के समय हुई। जब बिल्डिंग की पहली मंजिल पर सिलेंडर ब्लास्ट हुआ। रेस्क्यू टीम के एक अधिकारी के मुताबिक सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है, जिसमें एक अर्बन सर्च और रेस्क्यू टीम और एक डिजास्टर रिस्पॉन्स गाड़ी मौके पर मौजूद है।
रेस्क्यू 1122 के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर डॉ. आबिद जलालुद्दीन शेख ने भी कन्फर्म किया कि सिलेंडर ब्लास्ट की वजह से ईमारत गिरी। उन्होंने बताया कि जगह कम होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन मुश्किल हो गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक जिस बिल्डिंग में हादसा हुआ वह अवैध तरीके से बनाई गई थी। इसका स्ट्रक्चर ठीक से नहीं बना था। बिल्डिंग के गिरने से आस-पास के इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है।
इस हादसे में मरने वालों में आठ नाबालिग, चार महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। जिनकी उम्र दो से 60 साल के बीच है। घायलों में सात नाबालिग शामिल हैं। सीएम ने नोटिस लिया; कुछ समय के लिए पुनर्वास का आदेश दिया गया। सिंध के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह ने घटना पर घटना पर दुख जताया, सीएम हाउस की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया, ‘मलबे में फंसे लोगों को तुरंत बचाने और पीड़ितों को सबसे अच्छी मेडिकल मदद देने का निर्देश दिया। मुराद ने यह भी आदेश दिया कि प्रभावित परिवारों को हर मुमकिन मदद दी जाए और कराची कमिश्नर को घटना के कारणों की जांच करने का निर्देश दिया।




