दूरदर्शन की दिग्गज समाचार एंकर सरला माहेश्वरी का दिल्ली में निधन
90 के दशक में दूरदर्शन पर समाचार सुनाने वाली 'आवाज' अब हो गई खामोश

नई दिल्ली। दूरदर्शन की लोकप्रिय लोकप्रिय एंकर सरला माहेश्वरी का 71 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। दूरदर्शन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए जानकारी दी है। सरला माहेश्वरी का अंतिम संस्कार आज शाम 4 बजे निगम बोध घाट, दिल्ली में होगा। सोशल मीडिया पर यह खबर साझा करते हुए, डीडी नेशनल ने अपनी समाचार प्रस्तुतकर्ता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी मधुर आवाज, सटीक उच्चारण और गरिमापूर्ण प्रस्तुति को याद किया।
डीडी न्यूज ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “दूरदर्शन परिवार की ओर से, हम सरला माहेश्वरी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। वे दूरदर्शन की एक सम्मानित और पूजनीय समाचार वाचक थीं, जिन्होंने अपनी मधुर आवाज, सटीक उच्चारण और गरिमामय प्रस्तुति से भारतीय समाचार जगत में एक विशेष स्थान अर्जित किया। उनकी सादगी, संयम और व्यक्तित्व ने दर्शकों में गहरा विश्वास जगाया।”
ऑल इंडिया महिला कांग्रेस ने माहेश्वरी की मृत्यु को “टेलीविजन पत्रकारिता के स्वर्ण युग का अंत” बताते हुए कहा, “उनकी विश्वसनीयता और शालीनता आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा बनी रहेगी।”
बता दें कि 80 और 90 के दशक में सरला माहेश्वरी समाचार पढ़ने को एक संस्कारी और सम्मानित पहचान दी। सरला को उनकी शालीनता, माथे पर गोल बिंदी और सलीके से पहनी गई साड़ियों के लिए भी जाना जाता था। वो शुद्ध हिंदी उच्चारण और खबरों को बिना किसी नाटकीयता के पेश करती थी, जो उन्हें बाकी एंकर्स से अलग बनाता था।




