वसई विरार मनपा में बहुजन विकास अघाड़ी की जीत,जननेता हितेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में अजीव पाटिल बने सातवें महापौर
जनता के विश्वास और 35 वर्षों की सेवा का परिणाम, वसई विरार में बहुजन विकास अघाड़ी का परचम

कांति जाधव/महाराष्ट्र ब्यूरो। वसई विरार शहर नगरपालिका में महापौर और उपमहापौर पद के लिए चुनाव प्रक्रिया मंगलवार, 3 फरवरी 2026 को संपन्न हुई। इस चुनाव में बहुजन विकास अघाड़ी के अजीव यशवंत पाटिल महापौर तथा मार्शल लोपिस उपमहापौर चुने गए। अजीव पाटिल सातवें महापौर बने हैं, जबकि मार्शल लोपिस पांचवें उपमहापौर के रूप में पदभार संभालेंगे। धैर्यवान, मेहनती और नगरपालिका प्रशासन में व्यापक अनुभव रखने वाले अजीव पाटिल को महापौर नियुक्त होने पर नगरवासियों और कार्यकर्ताओं ने हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
चुनाव परिणाम के बाद अजीव पाटिल ने कहा कि यह जीत जनता के हमारे नेता मा. हितेंद्र ठाकुर के प्रति प्रेम और उनके ३५ वर्षों के अथक योगदान का परिणाम है। उन्होंने बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों को स्मरण करते हुए सभी कार्यकर्ताओं, कांग्रेस और एमएनएस कार्यकर्ताओं सहित जनता का आभार व्यक्त किया। पाटिल ने आगे कहा कि मा. महापौर राजीव पाटिल, जननेता हितेंद्र ठाकुर, युवा नेता क्षीतिज ठाकुर और कांग्रेस नेता विजय पाटिल के आशीर्वाद से ही उन्हें यह जिम्मेदारी मिली है। पार्षद सुनिल आचोलकर सहित बहुजन विकास अघाड़ी के सभी पार्षदों ने लोकनेता हितेंद्र ठाकुर पर विश्वास जताया और उसी विश्वास के बल पर महापौर एवं उपमहापौर का चुनाव जीतना संभव हुआ। इस जीत के साथ बहुजन विकास अघाड़ी ने वसई विरार शहर नगरपालिका में अपनी संगठनात्मक शक्ति और जनता के बीच गहरी पैठ को एक बार फिर साबित किया है।





