बिहार चुनाव से पहले वरिष्ठ पत्रकार रवि त्रिपाठी भाजपा में शामिल

पटना/एजेंसी। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियां तैयारियों में जुट गई हैं। इस चुनाव में कई प्रशासनिक अधिकारी, पत्रकार, एक्टर भी अपनी किस्मत आजमाना चाहते हैं। इसी को लेकर वह अपनी विचारधारा वाली पार्टी का दामन थाम रहे हैं।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में शनिवार को आयोजित मिलन समारोह में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में वरिष्ठ पत्रकार रवि त्रिपाठी ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इससे पहले शुक्रवार को त्रिपाठी ने सीतामढ़ी के पुनौराधाम में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया था।
मिलन समारोह के उपरांत त्रिपाठी ने पत्रकारों से कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव में अपनी भूमिका निभाएंगे। त्रिपाठी का नाम देश के वरिष्ठ राजनीतिक पत्रकारों में शुमार है। पिछले 24 वर्षों से उन्होंने देश के हरेक बड़ी राजनीतिक गतिविधियों को कवर किया है।
बाल्यकाल से स्वयंसेवक रहे त्रिपाठी संघ में पूर्णकालिक भी रहे हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से उन्होने छात्र राजनीति में कदम रखा। वह दिल्ली विश्वविद्यालय के दयाल सिंह कॉलेज के 1996 में छात्र संघ अध्यक्ष रहे। 1998 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) के उपाध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा। रवि त्रिपाठी दिल्ली में पूर्वांचल के छात्रों के वे सशक्त आवाज रहे।




