कई फीट नीचे धंस गई पश्चिमी दिल्ली के छावनी क्षेत्र में कोतवाली रोड की सड़क, लोगों की जिंदगी पर मंडरा रहा खतरा

पश्चिमी दिल्ली। दिल्ली छावनी क्षेत्र स्थित कोतवाली रोड (गोपीनाथ गोल सर्किल–छावनी अस्पताल मार्ग) पर पिछले कई दिनों से सड़क धंसने से राहगीर परेशान हैं। सड़क धंसने का कारण सीवर लाइन का धंसना है। सुबह व शाम के समय जब इस सड़क पर यातयात काफी व्यस्त रहता है, तब यहां इस समस्या के कारण जाम की भी स्थिति रहती है।
लोगों का कहना है कि इसकी मरम्मत अविलंब होनी चाहिए। लेकिन अभी यहां जो स्थिति है, उसे देखते हुए इसकी मरम्मत की कोशिश तक नजर नहीं आती है।
दिल्ली छावनी गोपीनाथ गोल सर्किल से छावनी अस्पताल तक पिछले लंबे समय से इस हाल में है। इस महत्वपूर्ण मार्ग पर प्रतिदिन हजारों राहगीरों का आना जाना होता है। लेकिन सड़क किनारे बने इस गड्ढे के कारण लोगों को यहां अनहोनी का डर सताता रहता है।
लोगों का मानना है कि यदि स्थिति यूं ही बनी रही तो किसी भी समय कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है, जो जनहानि का गंभीर कारण बन सकती है। इस मार्ग को तत्काल प्राथमिकता देते हुए इसकी मरम्मत एवं पुनर्निर्माण का कार्य जल्द शुरू किया जाए, ताकि आवागमन सुचारू और सुरक्षित हो सके।
लोगों ने बताया कि छावनी क्षेत्र की सड़कें तो छावनी परिषद के अंतर्गत आती हैं लेकिन, सीवर की मेन लाइन जिसे सेंट्रल लाइन कहा जाता है, एमईएस (मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस) के अंतर्गत आती है। छावनी परिषद यहां तभी काम करा सकती है जब एमईएस उसे अनुमति दे। यहां समन्वय की स्थिति नहीं बन पा रही है।




