राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मू इन्दिरापुरम स्थित यशोदा मेडिसिटी का करेंगी उद्घाटन

मेरठ मण्डलायुक्त श्री ऋषिकेश भास्कर ने किया यशोदा मेडिसिटी सेंटर का निरीक्षण, तैयारियों का लिया जायजा

गाजियाबाद। यशोदा मेडिसिटी का उद्घाटन माननीय महामहिम श्रीमती द्रोपदी मुर्मू जी द्वारा किया जाना प्रस्तावित है जिसकी तैयारियों के दृष्टिगत मेरठ मण्डलायुक्त ऋषिकेश भास्कर ने शुक्रवार को इन्दिरापुरम स्थित शक्ति खण्ड-2 में निर्मित यशोदा मेडिसिटी का निरीक्षण किया गया। मण्डलायुक्त ने इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर की जा रही समस्त व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों, पार्किंग व्यवस्था, अतिथियों के आगमन मार्ग, मंच व्यवस्था एवं आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों का गहनता से जायजा लिया।
उल्लेखनीय है कि यशोदा मेडिसिटी सेंटर का भव्य उद्घाटन समारोह शीघ्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में पधारेंगी। इस अवसर पर महामहिम राज्यपाल उत्तर प्रदेश श्रीमती आनंदी बेन पटेल, माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, माननीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, उप-मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, तथा माननीय केन्द्रीय राज्य मंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण श्रीमती अनुप्रिया पटेल सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों का कार्यक्रम में उपस्थिति प्रस्तावित है।
निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम से पूर्व सभी व्यवस्थाएँ पूर्ण कर ली जाएँ तथा किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, ट्रैफिक प्रबंधन को सुचारू रखने एवं मार्गदर्शन हेतु स्पष्ट दायित्व निर्धारण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़, एडिशनल सीपी आलोक प्रियदर्शी, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष दशरथ पाटिल, एडीएम सिटी विकास कश्यप, सिटी मजिस्ट्रेट सन्तोष कुमार उपाध्याय सहित नगर निगम, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। मण्डलायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग परस्पर समन्वय के साथ कार्य करें ताकि आगन्तुक गणमान्य अतिथियों एवं आम जन के लिए यह कार्यक्रम सफल एवं ऐतिहासिक बन सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button